नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित कांग्रेस के नए मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पूरा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ बजाए जाने के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेता असहज दिखे। कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। ‘वंदे मातरम’ के पूरे संस्करण के गायन के दौरान कुछ देर बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के आपस में बातचीत करते दिखाई देने को लेकर भाजपा महासचिव बीएल संतोष ने सवाल उठाया। हालांकि कांग्रेस ने इसे लेकर किसी तरह के विवाद से इनकार किया है।
सोशल मीडिया पर जब यह वीडियो आया तो वायरल हो गया। इसमें साफ दिख रहा है कि सोनिया गांधी किसी बात को लेकर काफी नाराज हो गई हैं। खरगे भी नाराज दिख रहे हैं। जिस कार्यकर्ता को बुलाया गया वह भी सिर नीचे करके बातें सुन रहा था। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती करीब 55 सेकेंड तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गीत के साथ खड़े दिखाई दिए लेकिन इसके बाद भी गीत जारी रहने पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी और खरगे समेत कुछ नेता आपस में बातचीत करते नजर आए। खरगे और सोनिया गांधी के बीच बातचीत होती दिखाई देती है। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक कांग्रेस कार्यकर्ता को बुलाकर उससे कुछ कहा। सोनिया गांधी इस दौरान सिर हिलाती हुई नजर आईं।
Mother – Son – National President seems to be upset by the rendering of full Vande Mataram ….. Certain mindsets never change from pre 1947 to post 1947 . https://t.co/ScZ5Fz2Cs6
— B L Santhosh (@blsanthosh) August 15, 2026
कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ करीब तीन मिनट तक बजा।
इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने कांग्रेस मुख्यालय में पूरा ‘वंदे मातरम’ बजने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेडफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘‘मां-बेटा और राष्ट्रीय अध्यक्ष, लगता है कि ‘वंदे मातरम’ का पूरा संस्करण बजाए जाने से परेशान हैं। कुछ मानसिकताएं 1947 से पहले से लेकर 1947 के बाद तक कभी नहीं बदलतीं।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में पूरा ‘वंदे मातरम’ गाया गया और इसमें विवाद की कोई बात नहीं है। किसी ने गीत को रोकने का प्रयास नहीं किया। रमेश ने नेताओं के कथित असहज होने को लेकर कहा कि लंबे समय से कांग्रेस अध्यक्ष खरगे खड़े थे और सोनिया गांधी कह रही थीं कि उनके लिए कुर्सी लाकर रख दी जाए। यही वजह थी कि दोनों के बीच बातचीत हुई। जब पत्रकारों ने केरल में ‘वंदे मातरम’ नहीं गाए जाने को लेकर सवाल किया तो रमेश ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस पर जब करोड़ों भारतवासियों की भावनाओं के अनुरूप ‘वंदे मातरम्’ संपूर्ण रूप में गाया गया, उसी समय कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस की सुप्रीम लीडर सोनिया गांधी, सुपर अध्यक्ष राहुल गांधी और वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जिस तरह एक-दूसरे से बातचीत करते और असम्मान व्यक्त करते नजर आए, वह अत्यंत विचित्र, विडंबनापूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण है। यह राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के प्रति अपमान है, जिससे करोड़ों भारतवासी आहत हैं। हम कांग्रेस के सर्वोच्च नेतृत्व के इस आचरण की निंदा करते हैं और अपेक्षा करते हैं कि कांग्रेस पार्टी देश से इसके लिए माफी मांगे।















