सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो साझा किया है। भाजपा ने इसे राहुल गांधी के लिए ‘लाइव शो में चल रही ट्यूशन लीक हो गया’ बताया और कैप्शन में लिखा गया, ”पुणे म्हणजे प्रेम और प्रेम म्हणजे पोल खोल। एंकर सिखा रहा था, राहुल गांधी दोहरा रहे थे और माइक ने चिल्ला-चिल्लाकर सबको स्क्रिप्ट बता दी।” भाजपा ने पुणे के कार्यक्रम से जुड़ी वीडियो क्लिप साझा कर एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष की संवाद शैली, उनकी तैयारी और सार्वजनिक मंचों पर उनके बयानों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भाजपा ने साधा निशाना
महाराष्ट्र के पुणे में 22 अगस्त 2026 को राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उस दिन का वीडियो शेयर करते हुए भाजपा ने ‘लाइव शो में ट्यूशन लीक हो गया’ शीर्षक के साथ एंकर राहुल गांधी को मराठी भाषा सिखाने और उनके दोहराने का जिक्र करते हुए तंज कसा है। जनता के सामने अपनी बात रखने वाले नेता को यदि कैमरे के सामने भी किसी के संकेत या निर्देशों की जरूरत पड़ती है, तो इससे उसकी राजनीतिक समझ और संवाद क्षमता पर सवाल उठते ही हैं। राजनीति में नेताओं के भाषण, साक्षात्कार और सार्वजनिक कार्यक्रम केवल उनके विचारों को सामने रखने का माध्यम नहीं होते, बल्कि उनकी तैयारी, आत्मविश्वास और परिस्थितियों के अनुसार जवाब देने की क्षमता की भी परीक्षा लेते हैं। किसी लाइव कार्यक्रम में राहुल गांधी का असहज दिखना उनके कांग्रेस नेतृत्व की राजनीतिक समझ को भी दिखाती है। उन्हें अक्सर अपने कई कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और उनकी संवाद शैली का मजाक उड़ाते हुए देखा गया है, जबकि वह अपने ही देश में छात्रों के एक कार्यक्रम में अपनी बात को ठीक से नहीं रख पाए। इस दौरान वह छात्रों के आत्मविश्वास के साथ नहीं दिखे। इसके लिए भी उन्हें एंकर की आवश्यकता पड़ी।
संवादों के कारण पहले भी निशाने पर रहे
यह पहली बार नहीं है इससे पहले भी राहुल गांधी अपने भाषणों और सार्वजनिक संवादों को लेकर सत्तापक्ष के निशाने पर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने विचार स्पष्टता, तथ्यों और आत्मविश्वास के साथ रखे। जनता भी यह देखना चाहती है कि नेता सवालों का जवाब अपनी समझ और तैयारी के आधार पर दे रहा है या नहीं।

















