
देहरादून। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि आज दिनांक 23-07-26 को वादी डॉ. विनय कुमार पटेल, परीक्षा नियंत्रक, वीर माधव सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून द्वारा कोतवाली प्रेमनगर पर एक लिखित तहरीर दी कि उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान दिनांक 08-07-26 को आयोजित परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दिनांक 03-07-26 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून में नियुक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए जाने की जानकारी दी गई।
परीक्षा सम्पन्न होने के पश्चात जब उक्त प्रश्नों का प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई। उक्त संबंध में विश्वविद्यालय द्वारा गठित आंतरिक जांच समिति की जांच के दौरान भी यह प्रकाश में आया कि उक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा परीक्षा से पूर्व छात्रों के आंतरिक पोर्टल/व्हाट्सएप पर परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए गए थे।
शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नियुक्त सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता द्वारा छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की गई। वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मु.अ.सं. 144/26, धारा 316, 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा अभियोग में त्वरित साक्ष्य संकलन की कार्रवाई करते हुए अभियोग में नामजद अभियुक्त के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिस पर विवेचक द्वारा अभियोग में गवाहों के बयान, प्राप्त दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में नामजद अभियुक्त आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी के अनुसार, अभियुक्त से प्राप्त उपकरणों के संबंध में जांच की जा रही है तथा उक्त प्रकरण में संलिप्त अन्य अभियुक्तों के संबंध में साक्ष्य एकत्रित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
1. आशीष कुमार गुप्ता — सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा।
मूल निवासी : शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
उम्र: 40 वर्ष।