अहमदाबाद। गुजरात में राज्य पुलिस के आतंकवादी निरोधक बल (एटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पांच संदिग्धों को पाटन जिले से हिरासत में लिया है और इनसे अहमदाबाद में पूछताछ की जा रही है। राज्य में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों के अभियान में गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ चल रही जांच के बीच सिद्धपुर शहर से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी को पूछताछ के लिए अहमदाबाद लाया गया है। इससे पहले गुजरात और मध्य प्रदेश एटीएस की कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद से कथित रूप से जुड़े आठ संदिग्धों को पकड़ा गया था। इसी मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए गुजरात एटीएस की टीम ने 13 जुलाई की शाम सिद्धपुर शहर में कार्रवाई की और पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया।
संभल में फिर गरजा बुलडोजर: सरकारी जमीन पर बनी अवैध ईदगाह जमींदोज
गुजरात के एक अधिकारी के अनुसार टीम को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर सिद्धपुर में तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें विस्तृत पूछताछ के लिए अहमदाबाद लाया गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हिरासत में लिए गए लोगों का किसी आतंकी संगठन या नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। इसके साथ ही उनकी कथित आपराधिक अथवा देश विरोधी गतिविधियों में संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अधिकारी के अनुसार जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ संदिग्धों के पकड़े जाने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है। सिद्धपुर और आसपास के क्षेत्रों में संभावित नेटवर्क से जुड़े सुराग मिलने के बाद एटीएस ने अपनी जांच और पूछताछ तेज कर दी है। हिरासत में लिए गए पांच संदिग्ध लोगों के खिलाफ आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और उनकी भूमिका के संबंध में जांच पूरी होने के बाद विस्तृत खबर दी जाएगी।

















