नई दिल्ली: गुजरात ATS ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े पांच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। अब तक गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों की संख्या 13 हो चुकी है। इससे पहले आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। जिन पांच नये संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी की गई है वो सभी पहले गिरफ्तार हुए संदिग्धों के संपर्क में थे।
देश दहलाने की रच रहे थे साजिश
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ये संदिग्ध आतंकी देश दहलाने की साजिश रच रहे थे। गुजरात सहित देश के विभिन्नों हिस्सों में हमले का षडयंत्र रचा जा रहा था। पकड़े गए संदिग्ध पिछले छह महीने से एक-दूसरे के संपर्क में थे। जांच एजेंसियां इन संदिग्ध आतंकियों के नेटवर्क की जांच कर रही है। कहा जा रहा है कि यह नेटवर्क गुजरात में सक्रिय होकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
पकड़े गए संदिग्ध 24 जुलाई तक ATS रिमांड में
गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खली अयूब सुनसारा, शाफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन कारडिया के रूप में हुई है। इन सभी को पाटन जिले की सिद्धपुर तहसील के खडियाल गांव से गिरफ्तार किया गया। सभी संदिग्ध आरोपियों को मेहसाणा जिले की कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए सभी आरोपियों को 24 जुलाई तक ATS की रिमांड पर भेज दिया है।

















