नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर नया सनसनीखेज दावा किया है। उनका कहना है कि अमेरिकी सेना ने लगातार तीन रातों तक ईरान पर हमले किए थे। बार-बार उनके रडार सिस्टम को तबाह कर दिया था। ये हमले वाणिज्यिक जहाजों पर ईरानी हमले के जवाब में थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के रडार सिस्टम को तबाह कर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए होर्मुज से वाणिज्यिक तेल टैंकरों को सुरक्षित निकाला था।
अपने एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि हमने ईरान के रडार को ध्वस्त कर दिया था। उनके पास कोई रडार नहीं था। अभी भी नहीं है।
अमेरिकी हमले में बुरी तरह से कमजोर हुई ईरानी अर्थव्यवस्था
उन्होंने होर्मुज में अमेरिकी नाकेबंदी को लोहे की दीवार बताया और कहा कि मैंने जो नाकेबंदी की, वह असल में नाकेबंदी नहीं बल्कि लोहे की दीवार थी। हमारे पास महान नौसेना है। ये लोग अविश्वसनीय हैं। एक भी जहाज ईरान तक नहीं पहुंच पाया। डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि अमेरिकी हमले के बाद ईरान की अर्थव्यवस्था बुरी तरह कमजोर हो गई है। वहां 300 फीसदी तक महंगाई बढ़ गई है और वे कोई कमाई नहीं कर पा रहे हैं।
US सेना ने होर्मुज से टैंकरों को सुरक्षित बाहर निकाला
ट्रंप ने कहा कि ईरान की सेना गायब हो चुकी है। उनके नेता गायब हो चुके हैं। ईरान को भोजन की आवश्यकता है। मक्का, गेहूं और सोयाबीन की उन्हें आवश्यकता है। हम इसकी आपूर्ति करेंगे। बशर्ते हम उस स्थिति में पहुंच जाएं, जहां हमें पहुंचना चाहिए। अगर हम होर्मुज को बंद कर देते तो दुनिया में तेल की कीमतें 350 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जातीं। लेकिन हमने ऐसा नहीं किया और हमारी नौसेना ने चुपचाप होर्मुज से टैंकरों को सुरक्षित निकाला।

















