दिवालिया होने की कगार पर खड़े पाकिस्तान की माली हालत इतनी खस्ता हो गई है कि अब वह अपने देश के लिए खेलने वाले खिलाड़ियों का खर्च तक नहीं उठा पा रहा है। पाकिस्तान टेबल टेनिस फेडरेशन (PTTF) ने अपने टॉप पुरुष और महिला खिलाड़ियों को दो टूक कह दिया है कि अगर वे 2026 में जापान में होने वाले एशियन गेम्स में खेलना चाहते हैं तो अपना पूरा खर्च खुद ही उठाना पड़ेगा। लाहौर में दो दिन के राष्ट्रीय ट्रायल्स चल रहे थे। इसी दौरान कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने अधिकारियों से दैनिक भत्ता और यात्रा भत्ता के बारे में पूछा। तब उन्हें पता चला कि इस बार कोई आर्थिक मदद नहीं मिलेगी।
ट्रायल्स में क्या हुआ
खिलाड़ियों को बताया गया कि ट्रायल्स में भाग लेने के लिए भी उन्हें कोई पैसा नहीं दिया जाएगा। एक खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एशियन गेम्स के लिए चुने जाने वाले खिलाड़ियों को अपना हवाई टिकट का खर्च खुद वहन करना होगा। साथ ही जापान में रहने के दौरान रोजाना 50 डॉलर का खर्च भी अपने जेब से करना पड़ेगा।
जब खिलाड़ियों ने इस फैसले पर विरोध जताया तो फेडरेशन के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस बात पर खुश होना चाहिए कि ट्रायल्स का आयोजन हो रहा है। क्योंकि पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) से फेडरेशन को इस बार कोई फंडिंग नहीं मिली है।
इसे भी पढ़ें: खाड़ी संकट खत्म होने का असर: एलएनजी वाहक ‘दिशा’ होर्मुज से सुरक्षित निकला, 34 जहाजों को मिली राहत
खिलाड़ियों की स्थिति
टेबल टेनिस खिलाड़ी अब इस उलझन में हैं कि बड़े इवेंट में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें अपनी जेब से पैसे लगाने पड़ रहे हैं। एशियन गेम्स जैसे मंच पर खेलना हर खिलाड़ी के लिए गर्व की बात होती है, लेकिन यहां खिलाड़ियों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। पाकिस्तान टेबल टेनिस फेडरेशन के इस फैसले से खिलाड़ियों को काफी निराशा हुई है। वे कह रहे हैं कि सरकार और स्पोर्ट्स बोर्ड की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है, जिससे खेलों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
पाकिस्तान का टेबल टेनिस रिकॉर्ड
अभी तक पाकिस्तान ने एशियन गेम्स या एशियन चैंपियनशिप में टेबल टेनिस में कोई मेडल नहीं जीता है। एशिया में इस खेल में चीन, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और भारत जैसे देश मजबूत माने जाते हैं। वे अपने खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं और सहयोग देते हैं। जबकि पाकिस्तान के खिलाड़ी बिना किसी सरकारी मदद के ऐसे बड़े इवेंट में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रायल्स के दौरान यह साफ हो गया कि फेडरेशन के पास संसाधन नहीं हैं, इसलिए खिलाड़ियों को खुद इंतजाम करने पड़ेंगे।

















