नई दिल्ली: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइंस में मौजूद मस्जिद के पास विस्फोट हुआ। इसे फिदायीन हमला बताया जा रहा है। इस विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
बम धमाके के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग
यह धमाका पुलिस लाइंस के परिसर में मौजूद मस्जिद के पास हुआ। स्थानीय मीडिया इस हमले को फिदायीन हमला बता रहा है। बताया जा रहा है कि बम धमाके के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग भी की गई है। हालांकि अभी हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है।
धमाका कोहाट जिले में पुरानी पुलिस लाइन्स के पास स्थित मस्जिद में हुआ। यह खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से दक्षिण-पश्चिम में लगभग 60 किलोमीटर दूर है।
कैसे हुआ मस्जिद में विस्फोट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोटकों से भरा एक वाहन मस्जिद के गेट से जा टकराया। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। इससे मस्जिद के बाहर एक गड्ढा बन गया। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।इस आत्मघाती धमाके में कम से कम 16 लोग मारे गए। इनमें पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल थे। जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह ने बताया कि धमाके के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए हैं। इसके अलावा 50 से ज्यादा घायलों को भी अस्पताल लाया गया है।
विस्फोट के बाद पुलिस लाइंस में अतिरिक्त पुलिस बल की टुकड़ी तैनात की गई।

















