पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बकरीद के मौके पर गुरुवार (28 मई) को नदिया जिले के इस्कॉन मंदिर पहुंचे और वहां गौमाता की पूजा की। सोशल मीडिया पर शुभेंदु अधिकारी का गौमाता की सेवा करते और उनकी आरती उतारते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मायापुर इस्कॉन परिसर में सुबह से ही कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। वह आज सुबह करीब 11:30 बजे पारंपरिक सफेद धोती-कुर्ता पहने नंगे पैर इस्कॉन गौशाला पहुंचे। उनके आने से पहले ही परिसर में भक्तों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कीर्तन और भजन के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में लोगों ने यहां मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान सीएम ने भव्य गौपूजा की और गौसेवा का विशेष अनुष्ठान संपन्न किया। इसके बाद उन्होंने यज्ञ में आहुति दी और चंद्रदोया मंदिर में ध्यान व प्रार्थना की। वायरल वीडियो में शुभेंदु अधिकारी गौशाला में गौमाता की सेवा करते। उनको फल, मिठाई, गुड़, चारा खिलाते और विधि-विधान से गाय की आरती उतारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स ने की जमकर तारीफ
शुभेंदु अधिकारी का वायरल वीडियो देखने के बाद यूजर्स ने उनकी जमकर तारीफ की। रघु नाम के यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पश्चिम बंगाल के सीएम का गाय की आरती उतारते हुए वीडियो साझा और लिखा, ”जहां ममता ने हिंदू धर्म को गंदा धर्म कहा था। वहीं बकरीद पर सीएम शुवेंदु अधिकारी ने मायापुर इस्कॉन परिसर में गौमाता की पूजा की। गर्व है कि आखिरकार हमें एक ऐसा मुख्यमंत्री मिला जो सनातन धर्म का सम्मान करता है।”
एक यूजर ने लिखा कि शुभेंदु अधिकारी ने आज मायापुर इस्कॉन में गौसेवा करके एक बहुत कड़ा संदेश दिया कि अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पश्चिम बंगाल को आखिरकार एक ऐसा हिंदू सीएम मिला है, जो बिना किसी शर्म के अपनी जड़ों पर गर्व करता है। एक अन्य यूजर लिखते हैं कि गौसेवा परमो धर्म। शुभेंदु अधिकारी आप पर गर्व है। आप बेबाक हिंदू हैं, जो बकरीद के मौके पर गौसेवा कर रहे हैं।
बकरीद पर बड़ा संदेश
अभिजीत मजूमदार नाम के यूजर ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए एक्स पर लिखा कि मायापुर के इस्कॉन मंदिर में शुभेंदु अधिकारी ने गौपूजा की। उन्होंने ऐसे करके हिंदू धर्म में सभी जीवों के प्रति दया और सम्मान को दिखाया है। इसकी टाइमिंग बहुत अच्छी है।
बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी इस्कॉन मायापुर की पहली यात्रा है। इससे एक सप्ताह पहले शुभेंदु अधिकारी बेलुर मठ स्थित रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन गए थे।

















