खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में फंसे जहाजों को वहां से निकालने के लिए ऑपरेशन शुरू किया है। इससे एक बार फिर से क्षेत्र में युद्ध की स्थिति बन गई है। ऐसा इसलिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में चेतावनी दी है कि अगर ईरान अमेरिकी जहाजों पर हमला करता है तो उसे धरती से मिटा दिया जाएगा।
क्या हैं मौजूदा हालात
ईरान होर्मुज स्ट्रेट पर फिर से ब्लॉकेड लगाने की कोशिश कर रहा है। यह रास्ता दुनिया के व्यापार के लिए बहुत जरूरी है। आमतौर पर यहां से करीब एक पांचवां हिस्सा (20%) अंतरराष्ट्रीय तेल सप्लाई गुजरती है। अमेरिकी सेना का दावा है कि उन्होंने छह ईरानी छोटे जहाजों को नष्ट कर दिया और ईरान के क्रूज मिसाइलों व ड्रोन्स को रोक लिया। लेकिन ईरान ने इन सब बातों से इनकार किया है। अभी भी 800 से ज्यादा जहाज और करीब 20,000 क्रू मेंबर इस इलाके में फंसे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें: ईरान का आर्थिक जिहाद : सुप्रीम लीडर खामेनेई ने दुश्मनों को हराने के लिए अपनाया नया पैंतरा
ट्रंप का बयान
ट्रंप ने इस ऑपरेशन को “अब तक के सबसे बेहतरीन सैन्य अभियानों में से एक” बताया। उन्होंने कहा कि हाल की बातचीत में ईरानी अधिकारी पहले से ज्यादा लचीले नजर आ रहे हैं। हथियारों की कमी की चिंता पर ट्रंप ने कहा, “हमारे पास पहले से ज्यादा और बेहतर हथियार और गोला-बारूद है। हमारे पास दुनिया भर में बेस हैं, सब स्टॉक किए हुए हैं। जरूरत पड़ी तो हम सब इस्तेमाल करेंगे।”
पहले भी ऐसी ही धमकी दे चुके हैं ट्रंप
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी ऐसी ही धमकी दे चुके हैं। इससे पहले अप्रैल में कहा था कि अगर ईरान उनकी मांगें नहीं मानेगा तो “पूरी सभ्यता को खत्म कर दिया जाएगा”। उस समय इस पर अमेरिका में भी और दुनिया भर में भी काफी आलोचना हुई थी। पाकिस्तान की मध्यस्थता से पिछले महीने एक नाजुक सीजफायर हुआ था, जिससे लड़ाई रुकी। लेकिन होर्मुज स्ट्रेट अब भी नहीं खुल सका है।
अमेरिकी नौसेना की धमकी
सोमवार सुबह ईरान की मिलिट्री कमांड ने चेतावनी दी कि कोई भी अमेरिकी नौसेना का जहाज स्ट्रेट के पास आएगा तो उस पर हमला किया जाएगा। ईरान ने दावा भी किया कि उन्होंने एक अमेरिकी फ्रिगेट पर दो मिसाइलें दागी हैं। दूसरी तरफ, यूएस सेंट्रल कमांड ने बताया कि उन्होंने ब्लॉकेड के बीच 50 कमर्शियल जहाजों को दूसरी दिशा में मोड़ दिया है।

















