खाड़ी में संकट लगातार गहराता जा रहा है। अमेरिका ने ईऱान पर तीसरी रात भी हमले किए हैं। साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक ब्लॉकेड का ऐलान किया है। अहम ये है कि डोनाल्ड ट्रंप ने खुद को होर्मुज का बॉस घोषित कर दिया है। कल तक जो ट्रंप होर्मुज में ईरान के टोल वसूलने का विरोध कर रहे थे, अब उन्होंने खुद ही यहां से गुजरने वाले सभी कार्गो जहाजों से 20% टैरिफ वसूलने का ऐलान किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि ये हमले ईरानी बलों पर भारी असर डाल रहे हैं और उनकी क्षमता को कम कर रहे हैं, ताकि वे निर्दोष नागरिकों और कमर्शियल शिपिंग पर हमला न कर सकें। ट्रंप ने रेडियो होस्ट ह्यू हेविट से बात करते हुए कहा कि आज रात और कल भी हम उन्हें बहुत जोरदार तरीके से मारेंगे, और उनके पास कुछ नहीं है जो वे कर सकें।
UAE पर ईरानी मिसाइल हमला
सोमवार देर रात UAE ने बताया कि होर्मुज के दक्षिणी लेन में ओमान के जल क्षेत्र में दो ईरानी क्रूज मिसाइलों ने उनके दो टैंकर जहाजों को निशाना बनाया। इसमें एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई और आठ लोग घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर है।
तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 7.8% बढ़कर 81.92 डॉलर प्रति बैरल हो गई। हालांकि, यह अभी भी युद्ध के पीक के 120 डॉलर से काफी कम है।
ट्रंप का 20% टैरिफ का ऐलान
इस बीच समुद्री डाकुओं की तरह व्यवहार करते हुए ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि होर्मुज से गुजरने वाले सभी कार्गो पर 20% टैरिफ लगेगा। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका को “होर्मुज का गार्जियन” कहा जाएगा। इससे पहले अमेरिका का रुख था कि यह जलडमरूमध्य सभी के लिए बिना किसी टोल के खुला रहना चाहिए। अब ट्रंप का यह नया स्टैंड पुरानी नीति से उलट लगता है।
ब्लॉकेड की डिटेल्स
अमेरिकी नौसेना के संयुक्त मैरीटाइम इंफॉर्मेशन सेंटर ने कहा कि मंगलवार रात से ईरान के सभी बंदरगाहों, ऑयल टर्मिनल्स और तटीय इलाकों पर ब्लॉकेड लागू होगा। बिना अनुमति के आने-जाने वाले जहाजों को रोका, मोड़ा या जब्त किया जा सकता है। जरूरत पड़ी तो बल का इस्तेमाल भी हो सकता है। हालांकि गैर-ईरानी गंतव्यों के लिए न्यूट्रल ट्रांजिट नहीं रोका जाएगा।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप प्रशासन ने ICC को पूरी तरह खत्म करने की मुहिम शुरू की, मार्को रुबियो बोले- अमेरिकी संप्रभुता पर खतरा
दोनों पक्षों की प्रतिक्रियाएं
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि अमेरिका दुनिया की ऑयल और गैस सप्लाई को खतरे में डाल रहा है। उनके प्रवक्ता ने कहा कि ईरान हरमुज पर अपनी संप्रभुता बनाए रखेगा और किसी भी अमेरिकी कदम का पुरजोर विरोध करेगा। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज पर कहा कि अमेरिका शायद इस जलडमरूमध्य को अपने कंट्रोल में ले लेगा और इसके लिए पैसे भी लेगा।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलडमरूमध्यों से गुजरने के लिए फीस लेने का कोई कानूनी आधार नहीं है।

















