
डोनाल्ड ट्रंप
नई दिल्ली: ईरान-इजराइल और अमेरिकी युद्ध को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पांच दिन के लिए टाल रखा है। उन्होंने यह भी कहा है कि ईरान के साथ युद्ध रोकने को लेकर बातचीत चल रही है। अब जानकारी सामने आ रही है कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए 15 सूत्रीय शांति प्रस्ताव भेजा है। यह जानकारी इजरायली चैनल 12 की एक रिपोर्ट में सामने आई है।
ट्रंप ने युद्ध रोकने के लिए खेला बड़ा दांव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी चाहते हैं कि ईरान के साथ युद्ध अब रुक जाए। इसके लिए उन्होंने बड़ा दांव खेला है। ट्रंप ने ईरान को जो 15 सूत्रीय शांति प्रस्ताव भेजा है उसमें 1 महीने तक सीजफायर का प्रस्ताव भी शामिल है। एक महीने की सीजफायर इसलिए प्रस्तावित की गई है ताकि ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने को लेकर बातचीत हो सके।
परमाणु कार्यक्रम रोको और होर्मुज खोले, ट्रंप ने दिया ये प्रस्ताव
डोनाल्ड ट्रंप ने 15 सूत्रीय शांति प्रस्ताव में परमाणु कार्यक्रम पर सख्त प्रतिबंध और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना की बात कही है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए ईरान को भेजा गया है। ट्रंप की तरफ से भेजी गई 15 सूत्रीय योजना में ईरानी धरती पर किसी भी तरह के यूरेनियम संवर्धन को खत्म करने और संवर्धित सामग्री को सौंपने की शर्त भी शामिल है। इजराइल और अमेरिका का कहना है कि इसे परमाणु बम में विकसित किया जा सकता है।
ईरान अगर इस प्रस्ताव के बिंदुओं पर सहमत होता है तो यह युद्ध रुक सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप के 15 पॉइंट्स प्लान में ईरान में सत्ता परिवर्तन के लिए दबाव डालने की कोई बात नहीं है। हालांकि व्हाइट हाउस और अमेरिकी विदेश विभाग की तरफ से ऐसे किसी प्रस्ताव को लेकर अभी पुष्टि नहीं हुई है।