नई दिल्ली: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि हमने ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका को जबरदस्ती नहीं घसीटा है। उन्होंने उन आरोपों का खंडन किया है जिसमें कहा जा रहा था कि इजराइल ने अपने लाभ के लिए इस युद्ध में अमेरिका को जबरन घसीटा है। नेतन्याहू का कहना है कि इजराइल ने ईरान में जो भी कार्रवाई की वो उसका स्वतंत्र फैसला था।
बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बचाव करते हुए कहा कि क्या किसी को सच में लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप को कोई बता सकता है कि उन्हें क्या करना है? ट्रंप हमेशा वही फैसला लेते हैं जो अमेरिका के लोगों के लिए अच्छा होता है। उन्होंने कहा कि इस्राइल और अमेरिका की सेनाएं और खुफिया एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं जिससे युद्ध के लक्ष्य तेजी से पूरे हो रहे हैं।

इजराइल युद्ध जीत रहा है…ईरान की सैन्य शक्ति तबाह
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि हमारे और अमेरिका के साझा हवाई हमलों के बाद अब ईरान के पास यूरेनियम संवर्धन करने या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की ताकत नहीं बची है। इजराइल यह युद्ध जीत रहा है और ईरान की सैन्य शक्ति लगभग तबाह हो चुकी है। नेतन्याहू का कहना है कि इजराइल की सेना ईरान के उन कारखानों को निशाना बना रही है जहां मिसाइल और परमाणु हथियारों के पुर्जे बनते थे। ईरान का मिसाइल और ड्रोन भंडार अब खत्म होने की कगार पर है।
अपने मौत की अफवाहों पर नेतन्याहू ने कही ये बात
नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों पर भी चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं जिंदा हूं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया ट्रंप की कर्जदार है। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ने ईरान के ‘साउथ पार्स’ गैस कंपाउंड पर अकेले हमला किया था। अब ट्रंप के अनुरोध पर इस्राइल ने ईरान के गैस क्षेत्रों पर और हमले रोक दिए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान की सरकार गिरने की परिस्थितियां तैयार हैं। वहां की जनता को तय करना है कि वे कब विद्रोह करते हैं।

















