आज के डिजिटल युग में Unique Identification Authority of India द्वारा जारी आधार कार्ड और पैन कार्ड बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुके हैं। बैंक खाता खोलने, इनकम टैक्स रिटर्न भरने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और कई वित्तीय कामों के लिए इन दोनों दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है। इनका सही तरीके से उपयोग तभी संभव है जब इनमें आपका मौजूदा और सक्रिय मोबाइल नंबर लिंक हो।
मोबाइल नंबर लिंक होने से ओटीपी के जरिए वेरिफिकेशन आसानी से हो जाता है। साथ ही आपको जरूरी नोटिफिकेशन और अपडेट भी समय-समय पर मिलते रहते हैं। यदि आपके पैन या आधार में पुराना या बंद हो चुका नंबर दर्ज है, तो उसे जल्द अपडेट करना जरूरी है।
पैन कार्ड में मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें- पैन कार्ड में मोबाइल नंबर बदलने के लिए आपको ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इसके लिए सबसे पहले National Securities Depository Limited या UTI Infrastructure Technology and Services Limited की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां आपको “Changes/Correction in PAN” का विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करने के बाद एक फॉर्म खुलेगा, जिसमें आपको पैन नंबर, नाम, जन्मतिथि, ईमेल आईडी और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होगी। फॉर्म भरने के बाद आपको 15 अंकों का टोकन नंबर मिलेगा, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। इसके बाद उस जानकारी को चुनें जिसे आप अपडेट करना चाहते हैं और नया मोबाइल नंबर दर्ज करें। फिर आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान प्रमाण, जन्मतिथि प्रमाण और फोटो अपलोड करें। अंत में निर्धारित फीस का भुगतान करके आवेदन सबमिट करें। सबमिट होने के बाद आपको Acknowledgement Slip मिलेगी, जिससे आप अपने आवेदन की स्थिति चेक कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- 31 मार्च से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, नहीं तो बढ़ सकता है टैक्स और लग सकती है पेनल्टी
आधार कार्ड में मोबाइल नंबर कैसे बदलें- आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आप ऑनलाइन प्रक्रिया का उपयोग कर सकते हैं या जरूरत पड़ने पर आधार सेवा केंद्र भी जा सकते हैं। इसके लिए अपने मोबाइल में mAadhaar ऐप डाउनलोड करें और लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद “Update Aadhaar Online” विकल्प चुनें। यहां आपको फेस स्कैन या ओटीपी के जरिए पहचान सत्यापन करना होगा। वेरिफिकेशन के बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज करें और मांगी गई जानकारी भरें। इसके बाद निर्धारित फीस जमा करें। आवेदन सबमिट होने के कुछ समय बाद आपका नया मोबाइल नंबर आधार कार्ड में अपडेट हो जाएगा। इस तरह आप आसानी से अपने पैन और आधार दोनों में मोबाइल नंबर बदल सकते हैं।











