आज 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) की 22वीं किस्त जारी होगी। इस योजना के तहत देशभर के लगभग 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। सरकार यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजती है, जिससे राशि सीधे किसान के बैंक खाते में पहुंचती है और बीच में किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो जाती है।
इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से शाम 5 बजे एक कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से करीब 18,640 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजेंगे। जैसे ही पैसा खाते में आएगा, किसानों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भी आ जाएगा, जिससे उन्हें तुरंत पता चल जाएगा कि किस्त मिल गई है।
2019 में शुरू हुई थी योजना- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। इस योजना का मकसद छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद देना है, ताकि वे खेती से जुड़े खर्च आसानी से कर सकें। इस योजना के तहत किसानों को हर साल कुल 6,000 रुपये दिए जाते हैं। यह पैसा एक साथ नहीं बल्कि तीन किस्तों में मिलता है। यानी हर चार महीने में 2,000 रुपये किसानों के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। अब तक सरकार इस योजना की 21 किस्तें जारी कर चुकी है और आज 22वीं किस्त जारी की जा रही है।
ऐसे चेक करें अपनी किस्त का स्टेटस- अगर आप इस योजना के लाभार्थी हैं, तो आप घर बैठे अपनी किस्त का स्टेटस भी देख सकते हैं। इसके लिए आपको PM‑Kisan Official Portal पर जाना होगा। वेबसाइट पर जाकर “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या आधार नंबर डालें। फिर कैप्चा भरें और मोबाइल पर आए OTP से वेरिफिकेशन करें। इसके बाद आपको पता चल जाएगा कि आपकी किस्त आई है या नहीं। सरकार ने इस योजना में eKYC को जरूरी कर दिया है। अगर किसी किसान का eKYC पूरा नहीं हुआ है, तो उसकी किस्त रुक सकती है। इसलिए किसानों को जल्द से जल्द eKYC करवा लेना चाहिए।














