PM Kisan 24th Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े करोड़ों किसानों की नजर अब अगली किस्त पर टिकी हुई है। किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही उनके बैंक खाते में 2,000 रुपये की रकम पहुंच जाएगी। पीएम किसान की 23वीं किस्त 20 जून को जारी की गई थी। इसके बाद अगस्त से नवंबर की अवधि वाली 24वीं किस्त जारी होनी है। ऐसे में किसानों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या सितंबर में ही 2,000 रुपये खाते में आ जाएंगे या इसके लिए अक्टूबर-नवंबर तक इंतजार करना पड़ेगा?
सितंबर में आएगी 24वीं किस्त?
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को साल में 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन किस्तों में 2,000-2,000 रुपये करके सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। पहली किस्त अप्रैल-जुलाई, दूसरी अगस्त-नवंबर और तीसरी किस्त दिसंबर-फरवरी के बीच जारी होती है। 23वीं किस्त जून में जारी हो चुकी है। अब दूसरी यानी 24वीं किस्त का इंतजार है। सितंबर शुरू होने के बाद किसानों में इसे लेकर उम्मीद बढ़ गई है, लेकिन पिछले वर्षों के भुगतान पैटर्न को देखें तो अगस्त-नवंबर वाली किस्त अक्सर अक्टूबर या नवंबर में जारी हुई है। ऐसे में सितंबर में किस्त आने की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला और तारीख सरकार की आधिकारिक घोषणा से ही स्पष्ट होगी।
किस्त का इंतजार करने के साथ किसानों को अपनी जानकारी भी अपडेट रखनी चाहिए। सबसे पहले e-KYC जरूर पूरी करा लें। e-KYC नहीं होने पर किस्त अटक सकती है। किसान नजदीकी CSC केंद्र से यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। इसके अलावा Farmer ID भी बनवा लेना जरूरी है। किसान अपनी Farmer ID की स्थिति जांच लें और जरूरत होने पर संबंधित केंद्र से प्रक्रिया पूरी कराएं। किसानों को यह भी देखना चाहिए कि जमीन के रिकॉर्ड में उनका नाम सही दर्ज है। साथ ही बैंक खाता सक्रिय है या नहीं और वह आधार से लिंक है या नहीं, इसकी भी जांच कर लें। अभी सितंबर में 24वीं किस्त आने की पक्की तारीख मानकर न चलें। किसानों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए। वहीं e-KYC, Farmer ID, जमीन के दस्तावेज और बैंक खाते से जुड़ी कमियों को पहले ही दूर कर लेना बेहतर है, ताकि पात्र होने के बावजूद किस्त अटकने की स्थिति न आए।














