देश के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं। खेती-किसानी के खर्च के बीच खाते में आने वाले ये 2,000 रुपये किसानों के लिए काफी मददगार होते हैं। लेकिन कई बार पात्र होने के बावजूद छोटी-सी गलती के कारण किस्त खाते में नहीं पहुंचती। ऐसे में अगर आप भी पीएम किसान योजना का लाभ लेते हैं तो अभी अपनी जानकारी जरूर जांच लें। इस योजना के तहत पात्र किसानों को साल में 6,000 रुपये मिलते हैं। यह रकम 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
ई-केवाईसी नहीं हुई तो अटक सकता है पैसा
किस्त रुकने की एक बड़ी वजह ई-केवाईसी पूरी न होना है। अगर आपकी ई-केवाईसी अभी तक पूरी नहीं हुई है तो इसे जल्द पूरा कर लें। किसान पीएम किसान की वेबसाइट या नजदीकी CSC सेंटर के जरिए ई-केवाईसी करा सकते हैं। कई बार जमीन के कागजों में नाम या दूसरी जानकारी गलत होने की वजह से भी किस्त अटक सकती है। इसलिए अपना खसरा-खतौनी और भूमि रिकॉर्ड जरूर जांच लें। अगर कोई गलती है तो संबंधित विभाग से उसे ठीक करवाएं। पीएम किसान का पैसा DBT के जरिए बैंक खाते में आता है। इसलिए बैंक खाता आधार से लिंक होना और DBT/NPCI से जुड़ी जानकारी सही होना जरूरी है। किसी तरह की दिक्कत होने पर बैंक जाकर जानकारी अपडेट कराएं।
किसान पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Know Your Status’ के जरिए अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। यहां किसी गलती या भुगतान से जुड़ी समस्या की जानकारी मिल सकती है। अगर कोई कमी दिखाई दे तो उसे समय रहते कृषि विभाग या CSC सेंटर के माध्यम से ठीक करवाएं। साथ ही योजना में दर्ज मोबाइल नंबर भी अपडेट रखें। ध्यान रखें, बैंक या योजना से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और OTP भी किसी को न बताएं। अपनी किस्त का स्टेटस हमेशा आधिकारिक माध्यम से ही जांचें।















