नई दिल्ली : जापान के इचिकावा सिटी जू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बेबी मकाक (छह महीने का बंदर) पंच स्टफ्ड ओरंगुटान खिलौने से खेलते हुए दिखाई दे रहा है। जन्म के कुछ समय बाद मां के छोड़े जाने के बाद पंच को चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने अपने हाथों से पाला। इस कठिन दौर में उन्होंने उसे एक स्टफ्ड ओरंगुटान खिलौना दिया, जिससे उसे गहरा लगाव हो गया। वह उसके साथ खेलता है, सोता है और जहां भी जाता है साथ लेकर जाता है।
सोशल मीडिया यूजर्स ने पिछले कुछ दिनों में पंच पर बहुत प्यार बरसाया है, लेकिन गुरुवार (19 फरवरी) को पोस्ट किए गए एक नए वीडियो ने उन्हें परेशान कर दिया। नए वीडियो में पंच के पास एक बड़ा बंदर आता है और उसे जमीन पर जोर-जोर से घसीटते हुए चक्कर लगाता है। इससे घबराकर पंच अपने स्टफ्ड ओरंगुटान खिलौने के पास एक कोने में चला जाता है और उसे गले लगा लेता है।
नए वीडियो ने पंच के फैंस की चिंता बढ़ाई
बेबी मकाक पंच की नई वीडियो में आ देख सकते हैं कि बिन मां के इस नन्हे बंदर को तभी सुकून मिलता है, जब वह इस खिलौने को अपने से चिपकाकर रखता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा लोग शेयर रहे हैं, जिसमें एक बड़ा बंदर पंच को जमीन पर घसीटता हुआ दिखाई दे रहा है। इससे पंच के फैंन्स की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि पिछले साल बेबी बंदर के वायरल होने के बाद से वे उसके सफर को फॉलो कर रहे हैं।
जापानी चिड़ियाघर ने वायरल क्लिप पर दी प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद चिड़ियाघर ने शुक्रवार (20 फरवरी) को एक विस्तृत बयान जारी किया और फैंन्स को पंच की सेहत के बारे में भरोसा दिलाया। जू के कर्मचारियों ने अपने बयान में बताया कि सबसे पहले पंच बातचीत करने की कोशिश में दूसरे छोटे बंदर के पास गया। जब उस बच्चे ने उससे दूरी बना ली, तो पंच उसके पास ही बैठ गया। फिर एक बड़ा बंदर आया, जिसने दोनों के बीच-बचाव किया।
जू के कर्मचारियों ने आगे बताया, “पंच को घसीटने वाला बड़ा बंदर शायद उस छोटे बंदर की मां है, जिससे पंच ने बात करने की कोशिश की थी। उसे लगा कि उसका बच्चा पंच से परेशान है। इसलिए उसने उसके साथ ऐसा व्यवहार किया।”
पंच के साथ पहले भी हो चुका है ऐसा व्यवहार
चिड़ियाघर के स्टाफ ने इस व्यवहार को मैकाक सोशल ग्रुप्स में अनुशासन का एक सामान्य तरीका बताया है। उनके अनुसार पंच के साथ पहले भी ऐसा कई बार हो चुका है, क्योंकि वह बंदरों के झुंड को समझना सीख रहा है। उन्होंने कहा कि पंच को पहले भी कई बार दूसरे बंदरों ने डांटा है और उसने उनके साथ घुलना-मिलना सीख लिया है। लेकिन अभी तक किसी भी बंदर ने उसके प्रति गुस्सा नहीं दिखाया है और न ही उसे किसी प्रकार की गंभीर चोट पहुंचाई है।
दूसरे बंदरों से भी करता है बात
चिड़ियाघर ने यह भी दावा किया है, “वीडियो में घसीटे जाने के बाद पंच अपने स्टफ्ड ओरंगुटान खिलौने की ओर दौड़ता है, लेकिन हमेशा की तरह थोड़ी देर बाद वह स्टफ्ड खिलौने को छोड़ कर दूसरे बंदरों से फिर बात करने लगता है। हमने देखा कि पंच का व्यवहार फिर से पूरी तरह से नॉर्मल हो गया। उसने तय समय पर खाना भी खाया था।”

















