राजधानी दिल्ली के सागरपुर इलाके में हनुमान चालीसा पाठ के दौरान कथित पथराव की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर अलग-अलग तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पथराव
बताया जा रहा है कि सागरपुर की गली नंबर 8 में हनुमान चालीसा का पाठ चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद कथित तौर पर पथराव और मारपीट की घटना हुई। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और पथराव के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

















