आज के समय में ज़्यादातर डिजिटल प्लेटफॉर्म सब्सक्रिप्शन मॉडल पर काम कर रहे हैं। लेकिन WhatsApp उन गिने-चुने ऐप्स में से एक है, जो अब भी यूजर्स को बिना किसी शुल्क के ढेर सारी सुविधाएं देता है। इतना ही नहीं, कंपनी हर महीने इसमें नए-नए फीचर्स जोड़ती रहती है, जिससे यूजर्स का अनुभव और बेहतर हो जाता है। कुछ समय पहले WhatsApp में डिसअपीयरिंग मैसेज, चैट लॉक और कम्पैनियन डिवाइस सपोर्ट जैसे शानदार फीचर्स जोड़े गए थे। इतने सारे फीचर्स होने के बावजूद ऐप का इंटरफेस आज भी बहुत साफ, सिंपल और यूजर-फ्रेंडली है।
अब नंबर नहीं, यूजरनेम से होगी WhatsApp चैट
अब WhatsApp एक और बड़ा प्राइवेसी अपडेट लाने की तैयारी में है, जो ऐप के इस्तेमाल के तरीके को बदल सकता है। इस नए अपडेट में यूजर्स को अपना मोबाइल नंबर छिपाने का विकल्प मिलेगा। लेकिन सवाल यह है कि जब फोन नंबर ही नहीं दिखेगा, तो चैट कैसे होगी? आखिर WhatsApp की पहचान ही मोबाइल नंबर से जुड़ी रही है। दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक WhatsApp जल्द ही यूजरनेम फीचर लाने वाला है। इस फीचर के आने के बाद यूजर अपना एक अलग यूजरनेम बना सकेंगे और बिना मोबाइल नंबर शेयर किए दूसरों से बात कर पाएंगे। यूजर्स इस फीचर का बहुत समय से इंतज़ार कर रहे थे और अब कंपनी इस पर जल्दी काम कर रही है।
यूजरनेम से होगी चैट, नंबर रहेगा प्राइवेट
WhatsApp के बीटा वर्जन में इस फीचर को देखा गया है, जिससे पता चलता है कि कंपनी इसके डिजाइन और नियमों की टेस्टिंग कर रही है। फिलहाल यह फीचर आम यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है, लेकिन आने वाले अपडेट्स में इसे लॉन्च किया जा सकता है। जब यह फीचर लाइव हो जाएगा, तो आप बिल्कुल Telegram या Instagram की तरह अपना यूजरनेम सेट कर पाएंगे। अगर किसी के पास आपका मोबाइल नंबर नहीं होगा, तब भी वह आपके यूजरनेम के जरिए आपसे चैट कर सकेगा। यह फीचर खासकर ग्रुप चैट और नए लोगों से जुड़ने में काफी मददगार साबित होगा। हालांकि WhatsApp ने अभी इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन जिस तरह से इसकी टेस्टिंग चल रही है, उससे लगता है कि यह फीचर जल्द ही सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है।














