भुवनेश्वर: बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अमानवीय व्यवहार और मैमन सिंह में निर्दोष हिंदू युवक दीपु चंद्र दास की निर्मम हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ओडिशा (पश्चिम) प्रांत की ओर से पश्चिम ओडिशा के कई जिलों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किए गए। इन प्रदर्शनों में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद युनुस के पुतले फूंके और केंद्र सरकार से कड़ा रुख अपनाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं और मैमनसिंह में दीपु चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर शव को सार्वजनिक स्थान पर जलाया जाना मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। विहिप और बजरंग दल ने इसे “सरकारी संरक्षण में कट्टरपंथी भीड़ की बर्बरता” करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल ओडिशा (पश्चिम) प्रांत के संयोजक रामचंद्र नायक ने पांचजन्य से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, उससे देशभर में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि इसी आक्रोश के चलते भवानीपाटना, सोनपुर, बलांगीर, रायगढ़ा, झारसुगुड़ा, धर्मगढ़ सहित कई स्थानों पर शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए।
भवानी पाटना में आक्रोश रैली
कालाहांडी जिला मुख्यालय भवानीपाटना में विश्व हिंदू परिषद की ओर से बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया गया। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और दीपु दास की हत्या के विरोध में स्थानीय मां माणिकेश्वरी मंदिर से एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो घोड़ाघाट चौक होते हुए गांधी चौक पहुंचा। वहां आयोजित विरोध सभा में मोहम्मद युनुस का पुतला दहन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए बाबा मधुसूदन दास, गुरुद्वारा सिंह सभा के सचिव हरजिंदर सिंह, महिला समन्वय की बलबिंदर कौर, विहिप विमर्श प्रमुख देवी प्रसाद दास, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका निवेदिता मिश्रा, विभाग संगठन मंत्री रामचंद्र नायक और बजरंग दल जिला मिलन केंद्र प्रमुख श्रीमंत पटेल ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कार्यक्रम में 200 से अधिक लोग शामिल हुए। अंत में विहिप जिला अध्यक्ष शांतनु कुमार मुंड ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि संचालन जिला सचिव सेवकराम साहू ने किया।

सोनपुर में पदयात्रा और प्रदर्शन
सोनपुर जिले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से नलिनी चौक से पदयात्रा निकालकर नगर भ्रमण किया गया। रैली बिजू पटनायक चौक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में तब्दील हो गई। यहां बजरंग दल जिला संयोजक अंशुमान पंडा, सह-संयोजक सुब्रत कुमार बारिक, नगर संयोजक हरि राजपूत, विहिप जिला कोषाध्यक्ष गणेश प्रधान और जिला धर्म प्रसार प्रमुख मित्र भाई ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की।
बलांगीर में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
बलांगीर में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गोपालजी मंदिर से कचहरी चौक तक विरोध रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा की मांग के साथ-साथ भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं की पहचान कर उन्हें देश से बाहर करने की मांग की। इस कार्यक्रम में बजरंग दल ओडिशा पश्चिम प्रांत संयोजक सौम्य रंजन मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
रायगडा में ‘हिंदू नरसंहार’ के खिलाफ हुंकार
रायगडा में विहिप, बजरंग दल, मातृ शक्ति और दुर्गा वाहिनी के संयुक्त आह्वान पर विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई आक्रोश रैली में प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारे लगाए और दीपु चंद्र दास के हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म शांति का संदेश देता है, लेकिन अत्याचार की सीमा पार होने पर चुप रहना संभव नहीं है। चेतावनी दी गई कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले नहीं रुके, तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा। अंत में रायगढ़ा रेलवे स्टेशन पहुंचकर दिवंगत दीपु दास को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

झारसुगुड़ा में भी विरोध प्रदर्शन
झारसुगुड़ा में बजरंग दल की ओर से मनमोहन ग्राउंड से पुराने बस स्टैंड तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भारत से बांग्लादेशी तथा रोहिंग्या घुसपैठियों को बाहर निकालने की मांग दोहराई। विहिप और बजरंग दल ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर वहां हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार बंद नहीं होते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

















