नैनीताल । भवाली थानाबक्षेत्र में नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की सूचना पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली घेरी और बाजार बंद करवाया।
जानकारी के मुताबिक 17 वर्षीय नाबालिग को गर्भवती बनाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को पोक्सो, रेप और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस एसपी क्राइम डॉ जगदीश चंद्र के अनुसार आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर उसे जेल भेज दिया गया हैं।
गुरुवार दोपहर भवाली में हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली घेरकर आरोप लगाया कि मुरादाबाद से आए युवक ने स्थानीय किशोरी को बहला फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
हिंदुत्व निष्ट संगठनों के लोग कोतवाली में कोतवाल व अन्य पुलिस अधिकारियों से इस प्रकरण पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए मिले। उन्होंने अपनी नाराजगी दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। संगठन के लोग जुलूस की शक्ल में भवाली की सड़कों पर उतरे और नारे लगाते हुए व्यापारियों से बाजार बंद करने का आग्रह किया। धीरे धीरे दुकानों के शटर बन्द होते गए।
एसपी डॉ जगदीश चन्द्र ने बताया कि बीते रोज अस्पताल से जानकारी मिली कि एक नाबालिग, गर्भवती हो गई है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर युवक को गिरफ्तार कर मैजिस्ट्रेट के आगे प्रस्तुत किया गया।
इधर, नाबालिग को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो और रेप के साथ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

















