बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों खासकर हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। 25 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की रूह कंपा देने वाली हत्या ने भारत सहित अन्य देशों में रह रहे हिंदुओं में आक्रोश पैदा कर दिया है। इस घटना पर केवल राजनीतिक गलियारों में ही नहीं, बल्कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री यानी बॉलीवुड में भी भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है।
जैसे कुछ समय पहले ‘ऑल आईज ऑन रफाह’ ट्रेंड हुआ था, ठीक वैसे ही अब सोशल मीडिया पर ‘ऑल आईज ऑन बांग्लादेश हिंदूज’ और ‘जस्टिस फॉर दीपू दास’ ट्रेंड कर रहा है। फिल्मी सितारे इसके जरिए इस मुद्दे को उठा रहे हैं और सवाल कर रहे हैं कि लोग इतने सेलेक्टिव क्यों हो रहे हैं। उनका कहना है कि दुनिया गाजा और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तो आंसू बहाती है, लेकिन पड़ोस में हिंदुओं के कत्लेआम पर चुप्पी क्यों साध लेती है? इस घटना के बाद अभिनेत्री जान्हवी कपूर, काजल अग्रवाल, जया प्रदा और कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपना गुस्सा जाहिर किया है। सितारों ने दीपू चंद्र दास के साथ हुई दरिंदगी को ‘बर्बर’ करार दिया है।
जाह्नवी कपूर ने सोशल मीडिया पर लिखा लंबा पोस्ट
अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये उन लोगों को आड़े हाथों लिया जो दुनिया के दूसरे हिस्सों (जैसे गाजा) की घटनाओं पर तो आंसू बहाते हैं, लेकिन पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं के कत्लेआम पर चुप हैं। उन्होंने दीपू दास की हत्या को बर्बर बताते हुए लिखा, “अगर यह सब देखने के बाद भी आपको गुस्सा नहीं आता, तो आप पाखंडी हैं। हमारे अपने भाई-बहनों को जिंदा जलाया जा रहा है और हम खामोश हैं।”
मनोज जोशी ने उठाए सवाल
दिग्गज अभिनेता मनोज जोशी ने इस मामले में लोगों के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने गाजा उदाहरण देते हुए कहा कि जब गाजा या फिलिस्तीन में कुछ होता है, तो सब लोग सामने आ जाते हैं, लेकिन बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर वैसी हलचल क्यों नहीं दिखती? उन्होंने दुख जताया कि हिंदुओं के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय आवाज नहीं उठ रही है।
जयाप्रदा का छलका दर्द
पूर्व सांसद और अभिनेत्री जयाप्रदा ने भावुक होते हुए कहा, “आज मेरा कलेजा फट रहा है। एक मासूम को पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई, क्या यही नया बांग्लादेश है? एक इंसान के साथ इतनी दरिंदगी कैसे हो सकती है? यह सरासर मॉब लिंचिंग है। यह सनातन धर्म और हिंदुत्व पर सीधा प्रहार है। हम कब तक चुप रहेंगे? हमें न्याय मांगना चाहिए।”
जल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘जागो हिंदुओं’
साउथ इंडियन अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है। उन्होंने ‘जागो हिंदुओं’ का नारा देते हुए कहा कि आपकी चुप्पी आपको नहीं बचाएगी। उन्होंने ‘ऑल आईज ऑन बांग्लादेश हिंदूज’ के जरिए वैश्विक स्तर पर इस मुद्दे को उठाने की अपील की। काजल ने एक पोस्टर शेयर करते हुए इस घटना की क्रूरता को दिखाने की कोशिश की है।
हैरानी की बात यह है कि दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद भी बांग्लादेश में हिंसा जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी हत्या के बाद एक और हिंदू अमृत मंडल की हत्या कर दी गई है। फिल्मी सितारों के इस तरह खुलकर सामने आने से इस मुद्दे को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। नई दिल्ली में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रदर्शनों के बीच, सेलिब्रिटीज के बयानों से इस मुद्दे को और बल मिलने लगा है। सोशल मीडिया पर लोग अब इस मुद्दे पर खूब चर्चा करते हुए हिंदुओं की रक्षा करने की बातें कर रहे हैं।

















