अमृतसर। आप नेता दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में कथिततौर पर पुलिस के प्रवेश की शिकायत श्री अकाल तख्त साहिब में करने आए थे, लेकिन एक विधायक ने ऐसी टिप्पणी कर दी कि अब अकाल तख्त ने इन सभी विधायकों व आप नेताओं को तलब कर लिया है।
पूरा घटनाक्रम क्या है
गुरुद्वारा बंगला साहिब में हुई घटना को लेकर श्री अकाल तख्त पर मांग पत्र देने आए आप के विधायकों की इस कार्रवाई के दौरान एक नया विवाद शुरू हो गया। इसके तहत श्री अकाल तख्त के जत्थेदार के निर्देश पर आम आदमी पार्टी से जुड़े 13 विधायकों समेत 15 नेताओं को 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे निजी रूप से पेश होकर अपना स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।
ये हैं विधायक व नेता
जिन विधायकों और आप नेताओं को श्री अकाल तख्त पर तलब किया गया है, उनमें विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, कुलदीप सिंह धालीवाल, जीवन जोत कौर, दलबीर सिंह टोंग (सभी अमृतसर जिले के विधायक), डेरा बाबा नानक से विधायक गुरदीप सिंह, तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, खेमकरण से सरवन सिंह, खडूर साहिब से मनजिंदर सिंह, फतेहगढ़ चूडय़िां से जोबन सिंह, तरनतारन से हरमीत सिंह, दसूहा से करमबीर सिंह, उड़मुड़ से जसबीर सिंह, महल कलां से कुलवंत सिंह शामिल हैं। इसके अलावा आप नेता सोनिया मान और कादियां से गुरइकबाल सिंह शामिल हैं। इन सभी को आज श्री अकाल तख्त साहिब में घटे घटनाक्रम के संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए 15 अक्टूबर को श्री अकाल तख्त के सचिवालय में बुलाया गया है।
आप विधायक की जातिगत टिप्पणी से बिगड़ी बात
आम आदमी पार्टी के ये सभी विधायक और नेता आज दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिस के दाखिले से संबंधित मामले में श्री अकाल तख्त पर मांग पत्र देने आए थे। इस दौरान आप के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने आरोप लगाया है कि उन्हें आरक्षित जाति का होने के कारण श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में जाने से रोका गया है। जबकि दूसरी ओर, श्री अकाल तख्त के सचिवालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जाति-पाति के आधार पर किसी पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। अकाल तख्त ने इस टिप्पणी को लेकर तलब किया है।














