नई दिल्ली, (हि.स.)। भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तानी नेताओं द्वारा भारत के खिलाफ टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आज कहा कि सेना द्वारा संवैधानिक तख्तापलट एवं सत्ता हथियाने से अपनी जनता का ध्यान भटकाने के लिए झूठी कहानी गढ़ने की पाकिस्तानी नेताओं की चालबाजी से दुनिया गुमराह नहीं हो सकती है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तानी नेतृत्व द्वारा की गई टिप्पणियों के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, “भारत, स्पष्ट रूप से भ्रमित पाकिस्तानी नेतृत्व द्वारा लगाए जा रहे तथ्यहीन और निराधार आरोपों को सिरे से खारिज करता है।”
जायसवाल ने कहा कि यह पाकिस्तान की एक रणनीति है कि वह अपने ही देश के अंदर चल रहे सेना द्वारा संवैधानिक तख्तापलट करके सत्ता हथियाने की कार्रवाई से अपने लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भारत के खिलाफ झूठी कहानियाँ गढ़ता है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय सच्चाई से अच्छी तरह वाकिफ है और पाकिस्तान की हताश और ध्यान भटकाने वाली चालों से गुमराह नहीं होगा।














