लखनऊ । एसटीएफ ने जनपद प्रयागराज व कौशाम्बी से संरक्षित तथा राष्ट्रीय पक्षी की तस्करी करने वालों को गिरफ्तार किया है। 4 अभियुक्त अपने वाहन से संरक्षित जीवों को प्रयागराज वाराणसी के रास्ते आसनसोल पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे।
एसटीएफ ने वन विभाग वाराणसी एवं वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, गोरखपुर की टीम को साथ लेकर सूचना साझा करते हुए प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग स्थित रखौना चौराहा थाना राजा तालाब जनपद वाराणसी से संरक्षित वन्य जीवों की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के 4 अभियुक्तों वशीम, अयूब, नितेश दिवाकर एवं अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्तों के कब्जे से 12 मोर, 245 तोते, 3 मोबाइल फोन, 1 इनोवा वाहन, 3 पिंजड़े व 5 प्लास्टिक के झोले बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त वशीम उर्फ अरमान ने पूछताछ में बताया कि नितेश दिवाकर की इनोवा गाड़ी 9 हजार रूपये में किराये पर बुक किया था।
प्रतिबन्धित पक्षी (मोर) कौशाम्बी निवासी पंकज से 500 रूपये में तथा तोता 100 से 200 रूपये में खरीदकर आसनसोल, कोलकाता ले जाते थे। वहां छोटे व्यापारियों को प्रति तोता 400 से 500 रूपये में एवं प्रति मोर को 2500 से 3000 में बेचते थे। इसके पहले भी कई बार पंकज से तोता, मोर व अन्य जीवों को खरीदकर ले जा चुका है। इस काम में इसका मुख्य सहयोगी अयूब है।

















