लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कहा कि भाजपा शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव भी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों की तरह पूरी तैयारी और सुदृढ़ संगठनात्मक रणनीति के साथ लड़ेगी। प्रत्येक मतदाता से संपर्क, संवाद एवं समन्वय के साथ निश्चित मतदान सुनिश्चित करने के लिए पन्ना प्रमुखों के साथ पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मिलकर कार्य करेंगे।
प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना प्राथमिकता: धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना तथा उसे मतदान केंद्र तक लाना हमारी प्राथमिकता है। चुनाव की दृष्टि से मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने की समीक्षा, मतदाताओं से निरंतर संपर्क और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता सुनिश्चित की जाए। पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता योजनाबद्ध तरीके से चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए सभी सीटों पर विजय के लक्ष्य के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।
कम समय में चुनावी तैयारियों को गति देने के निर्देश
धर्मपाल सिंह ने कहा कि एमएलसी चुनाव का क्षेत्रफल व्यापक है और चुनाव के लिए समय भी कम बचा है। इसलिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को और अधिक परिश्रम एवं गति के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र तक मतदाता सूचियां शीघ्रता से पहुंचाने का कार्य पूरा किया जाए, ताकि मतदाताओं से संपर्क एवं संवाद के लिए प्रत्येक मतदाता के घर तक पहुंचा जा सके।

















