प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet के प्रचार-प्रसार से जुड़ी जांच के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की करीब 11.14 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। ईडी के अनुसार, इस कुर्की में सुरेश रैना के नाम पर धारित 6.64 करोड़ रुपये मूल्य के म्यूचुअल फंड निवेश और शिखर धवन के नाम पर धारित 4.5 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति शामिल है। एजेंसी का कहना है कि ये संपत्तियां कथित रूप से 1xBet के अवैध प्रचार से प्राप्त धन से जुड़ी हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मुख्यालय ने अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet के प्रचार-प्रसार के संबंध में पीएमएलए, 2002 के तहत पूर्व भारतीय क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्ति अनंतिम रूप से कुर्क की है। कुर्की में सुरेश रैना के नाम पर धारित…
— ED (@dir_ed) November 7, 2025
ईडी की जांच में सामने आया है कि 1xBet नाम का यह ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म विदेशी सर्वरों पर संचालित होता था और भारतीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए देशभर में अपना नेटवर्क फैला रहा था। इस प्लेटफॉर्म के प्रचार के लिए कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, यूट्यूबर और कुछ खेल हस्तियों को प्रमोशन करने के लिए भुगतान किया गया था। एजेंसी का कहना है कि रैना और धवन को इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिस प्लेटफॉर्म का वे प्रचार कर रहे हैं, वह अवैध गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। हालांकि, ईडी के अनुसार, जांच पूरी होने तक इन संपत्तियों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। 1xBet का नाम पहले भी कई सट्टेबाजी और धोखाधड़ी मामलों में सामने आ चुका है। भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी कानूनन अपराध है फिर भी यह प्लेटफॉर्म कई फर्जी वेबसाइटों और ऐप्स के माध्यम से लोगों को लुभाता रहा है। ईडी ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

















