नई दिल्ली/कोलकाता: पश्चिम बंगाल में TMC के बैंक खातों को लेकर कानूनी लड़ाई तेज हो गई है। ED की ओर से फ्रीज किए गए तीन बैंक खातों के खिलाफ पार्टी के एक गुट ने कलकत्ता हाईकोर्ट में नई याचिका दायर की है। इन तीन खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा बताए जा रहे हैं। अब इस याचिका पर 13 जुलाई को सुनवाई होगी।
मामला राज्य पुलिस और ईडी की अलग-अलग जांच से जुड़ा है। पहले राज्य पुलिस के निर्देश पर निजी बैंक में मौजूद इन खातों से पैसे निकालने पर रोक लगाई गई। फिर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत इन खातों को पूरी तरह फ्रीज कर दिया। अब यह मामला उच्च न्यायालय में पहुंच गया है।
TMC के 12 अन्य बैंक खातों से भी पैसे निकालने पर रोक लगी है। जिनमें 550 करोड़ से अधिक की राशि बताई जा रही है। इस तरह से TMC के 15 बैंक खातों से पैसे निकासी पर रोक लगी हुई है। जिनमें कुल धनराशि एक हजार करोड़ से ऊपर बताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले ममता बनर्जी राज्य पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची थी। जिसके बाद कोर्ट ने इन खातों के इस्तेमाल की सीमित और सशर्त अनुमति दी थी। लेकिन कोर्ट के इस आदेश के कुछ ही समय बाद ईडी ने तीनों खातों को फ्रीज कर दिया। ईडी की इस कार्रवाई के बाद टीएमसी ने हाईकोर्ट में नई याचिका दायर की है जिसे स्वीकार कर लिया गया है। अब अगली सुनवाई में ही यह साफ होगा कि इन खातों पर लगी रोक जारी रहेगी या फिर टीएमसी को कुछ राहत मिलेगी। पश्चिम बंगाल पुलिस के निर्देश पर शुक्रवार को विभिन्न सरकारी और निजी बैंकों में मौजूद TMC के 12 अन्य बैंक खातों से भी पैसे निकालने पर रोक लगा दी गई। बताया जा रहा है कि इन 12 खातों में 550 करोड़ रुपये से अधिक राशि जमा है।















