नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धुंआधार रैलियां जारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सहरसा और कटिहार में दो बड़ी चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला संबोधन सहरसा जिले में होगा। यहां पीएम मोदी दोपहर 1:45 बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में पीएम मोदी एनडीए ( NDA) उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटिहार जिले के लिए रवाना होंगे। वहां दोपहर 3:30 बजे दूसरी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया था। वहां उन्होंने आरजेडी ( RJD) सहित पूरे महागठबंधन पर जमकर हमला किया था। रविवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी ने पटना में एक भव्य रोड शो भी किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैलियों की सक्रियता से बिहार में चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।
रविवार को आरा और नवादा में की थी पीएम मोदी ने रैलियां
सहरसा और कटिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये चुनावी जनसभाएं कोसी और सीमांचल क्षेत्र के मतदाताओं को साधने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। पीएम मोदी ने रविवार शाम पटना साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका और इसे दिव्य अनुभव बताया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव के साथ प्रधानमंत्री मोदी नारंगी पगड़ी पहने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे और मत्था टेका।
उससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने आरा और नवादा में एनडीए (NDA) उम्मीदवारों के लिए चुनावी रैलियों को संबोधित किया। पटना में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व करने के बाद उन्होंने गुरुद्वारे का दौरा किया। आरा रैली में पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के दंगों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि यह 1984 में लगभग उसी समय 1-2 नवंबर को, दिल्ली में सिखों का नरसंहार हुआ था। जो लोग दोषी थे, उन्हें पार्टी (कांग्रेस) बढ़ावा दे रही है। पार्टी इस नरसंहार के लिए कोई खेद नहीं जता रही है। गौरतलब है कि बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। दूसरे चरण की अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी हुई। इस चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। दोनों चरणों के चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
















