प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के, राष्ट्रीय सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी तथा प्रदेश संयोजक हिमांशु राज पंडित की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला में सोशल मीडिया विभाग के क्षेत्रीय संयोजक, सहसंयोजक और जिला संयोजक उपस्थित रहे।
विपक्ष के नैरेटिव का तथ्यात्मक जवाब देने पर जोर
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया वॉरियर्स को मुस्तैदी से विपक्ष के झूठे नैरेटिव को बेनकाब करना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता को डिजिटल रूप से सशक्त किया जाना चाहिए।
उन्होंने विपक्ष के झूठे एवं नकारात्मक दुष्प्रचार का तथ्यात्मक, तर्कपूर्ण और समयबद्ध जवाब देने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम के गठन पर जोर दिया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि डिजिटल माध्यमों को निरंतर जनसंवाद और संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाना चाहिए। सोशल मीडिया केवल संदेश प्रसारित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि जनता से निरंतर संवाद का महत्वपूर्ण मंच है।
सरकार की योजनाओं और स्थानीय विकास कार्यों को पहुंचाने पर जोर
धर्मपाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया को सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों और उपलब्धियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर के विकास कार्यों, लाभार्थियों के अनुभवों तथा पार्टी के कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनाया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हुए संगठन की गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पंकज चौधरी बोले- नैरेटिव फॉलोअर नहीं, नैरेटिव सेटर बनना है
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि हमें नैरेटिव फॉलोअर नहीं, बल्कि नैरेटिव सेटर बनना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ, फरेब और अफवाहों के माध्यम से नकारात्मक वातावरण बनाने का काम करता है, जिसका प्रभावी जवाब सत्य और तथ्यों के आधार पर देना होगा।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार बूथ और हर घर तक पार्टी की सशक्त उपस्थिति के माध्यम से पार्टी की विचारधारा, कार्यक्रमों, अभियानों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाया जाएगा, उसी सजगता और प्रतिबद्धता के साथ सोशल मीडिया के प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर संगठन को सक्रिय रहना होगा।
सोशल मीडिया पर भाजपा की उपलब्धियां पहुंचाने की अपील
पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष के पास झूठ, भ्रम और अफवाहों का एजेंडा है, जबकि भाजपा के पास लोकप्रिय एवं दूरदर्शी नेतृत्व, लोककल्याणकारी योजनाएं और लोकमंगल की भावना से प्रेरित विचारधारा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों और विचारों को प्रभावी ढंग से समाज के सामने रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को सोशल मीडिया के प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर सक्रिय और सजग भूमिका निभानी होगी।
युवाओं को भाजपा से जोड़ने पर जोर
सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से मुखर और सक्रिय होना चाहिए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।
उन्होंने बड़ी संख्या में युवाओं को अपने साथ जोड़ने और उन्हें भाजपा की विचारधारा एवं कार्यक्रमों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को भाजपा के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियान से जोड़कर सक्रिय भूमिका के लिए तैयार किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करने पर मंथन
प्रदेश कार्यशाला में संगठन की डिजिटल उपस्थिति को और प्रभावी बनाने, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं और पार्टी के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में प्रदेश से लेकर जिला और बूथ स्तर तक सोशल मीडिया संगठन को डिजिटल रूप से मजबूत करने और जनसंवाद को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

















