मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीएसटी सुधारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों को दिवाली का उपहार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी कम होने से औसत उपभोक्ता की क्रय शक्ति बढ़ेगी। क्रय शक्ति बढ़ने से मांग बढ़ेगी। मांग से उपभोग में वृद्धि होगी, उपभोग से उत्पादन में वृद्धि होगी, और उत्पादन में वृद्धि से नये रोजगार सृजित होंगे।
सोमवार को जीएसटी सुधारों पर जनजागरूकता मार्च और व्यापारियों से बातचीत के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के पहले दिन पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में जीएसटी की कम दरें लागू की गई हैं। यह जीएसटी में अब तक का सबसे बड़ा सुधार है। कई वस्तुओं और सेवाओं पर कर की दरें घटाकर पांच प्रतिशत या शून्य कर दी गई हैं। जीवन रक्षक दवाओं को कर से मुक्त कर दिया गया है, जबकि अन्य दवाओं पर कर की दर घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए जीएसटी को घटाकर पांच प्रतिशत या शून्य कर दिया गया है। शैक्षिक सामग्री पर कर की दर बारह से घटाकर शून्य कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी एक चीज है, लेकिन इसके फायदे अनेक हैं। जीएसटी सुधार अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। क्रय शक्ति बढ़ने से आम उपभोक्ता त्यौहारों को खुशी और उत्साह के साथ मनाएंगे। बाजार को मजबूत करने से उपभोग और उत्पादन में वृद्धि के कारण रोजगार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने व्यापक जनहित में जीएसटी सुधारों को लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।

















