नई दिल्ली (हि.स.) । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तंज कसा है। भाजपा ने कहा कि ‘हाइड्रोजन बम’ फोड़ने वाले थे, लेकिन सिर्फ फुलझड़ी से ही काम चलाना पड़ा और वो भी फुस्स हो गई। आधारहीन आरोप लगाना राहुल गांधी की आदत बन गई है।
अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर हमला
राहुल गांधी की प्रेस कांफ्रेंस के बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल ने आरोपों की राजनीति को अपना आभूषण बना लिया है। चुनाव दर चुनाव हार झेलने वाले और जनता से नकारे गए नेता की हताशा लगातार बढ़ रही है। आरोपों को साबित करने को कहा जाए तो वे शपथ पत्र देने से मुकर जाते हैं।
चुनाव आयोग की सफाई और कर्नाटक का मामला
अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन किसी भी वोट को नहीं काटा जा सकता। 2023 में कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के नाम हटाने के असफल प्रयास पर आयोग ने ही एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद मोबाइल नंबर और आईपी एड्रेस की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
कांग्रेस सरकार से सीआईडी की कार्रवाई पर सवाल
भाजपा ने पूछा कि इतना सब होने के बावजूद कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की सीआईडी ने अब तक क्या कदम उठाए? आलंद से कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी, तो क्या कांग्रेस ने वोट चोरी करके जीत हासिल की?
संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार आरोप
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर गलत व निराधार आरोप लगाते हैं। कभी वीवीपैट, कभी ईवीएम और कभी चुनावी नतीजों पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत बन गई है। राहुल के बयान घुसपैठियों के समर्थन और एससी-एसटी-ओबीसी का वोट काटने की मंशा दिखाते हैं।
















