नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 75वां जन्मदिन (PM Modi 75th Birthday) है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। इसका जवाब पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘थैंक्यू मेरे दोस्त’ कहकर दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन युद्धविराम पर समर्थन के लिए पीएम मोदी का आभार भी जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को भरोसा दिलाया कि भारत-अमेरिका की साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।
ट्रंप ने लिखा- बहुत शानदार काम कर रहे हैं मोदी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा ‘मैंने अपने दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अभी फोन पर बात की। उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वह बहुत ही शानदार काम कर रहे हैं। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रुकवाने में पीएम मोदी के समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।’

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जन्मदिन पर बधाई देने के लिए शुक्रिया मेरे मित्र डोनाल्ड ट्रंप। आपकी तरह मैं भी भारत-अमेरिका की समग्र और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपके प्रयासों का पूरा समर्थन करते हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच सीधी बातचीत तीन महीने के बाद हुई है।

















