‘मेरा रिमोट कंट्रोल इस देश के 140 करोड़ लोगों के हाथ में है…मैं शिव का भक्त हूं, सारा जहर निगल जाता हूं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर के दौरे के दूसरे दिन लोगों को संबोधित करते हुए कही है। पीएम मोदी का इशारा विपक्षी पार्टियों के द्वारा उन्हें और उनकी दिवंगत मां को निशाना बनाने के जबाव के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, असम के दरांग में प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने ये बातें कही। उन्होंने स्वदेशी के इस्तेमाल पर बल देते हुए कहा, स्वदेशी का अर्थ ये है कि कंपनी चाहे किसी भी देश की हो, उस पर नाम किसी का भी हो, लेकिन हमें उसी वस्तु का इस्तेमाल करना चाहिए, जो मेड इन इंडिया हो। प्रधानमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक मात्रा में स्वदेशी वस्तुओं का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों के आने वाले भविष्य को ध्यान में रखकर हमें स्वदेशी अपनाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कथित तौर पर भारत पर रूसी तेल खरीदने का आरोप लगाते हुए 50 फीसदी टैरिफ लगा दिया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से स्वदेशी का इस्तेमाल करने की अपील की थी।
इसे भी पढ़ें: मेक इन इंडिया : आत्मनिर्भरता भी, रणनीतिक धार भी
भारत रत्न भूपेन हजारिका का जिक्र
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत रत्न भूपेन हजारिका का जिक्र करते हुए कांग्रेस की दोगली नीतियों को लेकर उस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने उन्हें एक वीडियो दिखाया है, जिसे देखकर मुझे बहुत ही दुख हुआ। 1962 के युद्ध के बाद असम को लेकर पूर्व पीएम पंडित नेहरू ने जो बयान दिया था, वह आज भी यहां के लोगों को दर्द पहुंचाता है।
असम को हजारों करोड़ की सौगात
असम के दौरे को दौरान प्रधानमंत्री ने हजारों करोड़ की सौगात राज्य को दिया। उन्होंने इस दौरान उन्होंने दरांग मेडिकल कॉलेज, गुवाहाटी रिंग रोड समेत कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी। अपने इस दौरे के दौरान पीएम मोदी ने कुल 18,530 करोड़ की विकास योजनाओं की शुरुआत की।

















