कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना से 17 लोगों की मौत हो गई है। घटना देर शाम करीब पौने आठ बजे की है। पूजा पंडाल को बंद कर दिया गया है। तीस से अधिक घायलों को एमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोलकाता पुलिस का कहना है, “आज शाम करीब 7:40 बजे, बारिश के बीच पंडाल घूमने आए लोगों की भारी भीड़ के कारण गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले शारदा पार्क (चोर बागान) पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई। अब इस पूजा पंडाल को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए MCH (मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेज दिया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 35 लोगों को MCH भेजा गया है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घोषणा की है कि जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
अमित शाह के सभी कार्यक्रम स्थगित, घायलों से मिलेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताते हुए कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी से बात की। हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। प्रशासन द्वारा घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा। मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

















