नई दिल्ली । दिल्ली के विज्ञान भवन में मंगलवार, 26 अगस्त से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम ‘100 वर्ष की संघ यात्रा: नए क्षितिज’ शुरू हो गया है। यह आयोजन 28 अगस्त तक चलेगा और इसमें संघ की अब तक की यात्रा और आने वाले समय की दिशा पर गहन चर्चा होगी।
संघ ने विभिन्न क्षेत्रों से 17 कैटेगरी और 138 सब-कैटेगरी के आधार पर करीब 1300 लोगों को आमंत्रित किया है। इसमें पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई, नोबेल विजेता कैलाश सत्यार्थी, क्रिकेटर कपिल देव और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा जैसे प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। कई देशों के राजनयिक और सभी मत-पंथ, संप्रदायों के प्रतिनिधि भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
बता दें कि इस साल आरएसएस की स्थापना को 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। 1925 में दशहरे के अवसर पर डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नींव रखी थी। इसी अवसर को शताब्दी समारोह के रूप में मनाया जा रहा है।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी के अनुसार- सरसंघचालक मोहन भागवत जी इस कार्यक्रम में देश के भविष्य, संघ की दृष्टि और स्वयंसेवकों की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे। आज मंगलवार 26 और बुधवार 27 अगस्त को वे विशेष व्याख्यान देंगे, जबकि गुरुवार 28 अगस्त को प्रश्नोत्तर सत्र होगा जिसमें प्रतिभागी सीधे अपने सवाल पूछ सकेंगे।
कार्यक्रम के हर अहम पल का सीधा अपडेट पाने के लिए “पाञ्चजन्य डिजिटल” से जुड़े रहिए।

















