उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा की गम्भीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं विशेष पुलिस बलों को तत्काल तैनात कर दिया गया है। डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ अरुण मोहन जोशी, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप, प्रदीप कुमार राय, अमित श्रीवास्तव (प्रथम) और सुरजीत सिंह पंवार, श्वेता चौबे, 1 डिप्टी कमांडेंट और 11 डिप्टी एसपी को तत्काल उत्तरकाशी भेजा गया है, जो राहत और समन्वय कार्यों का नेतृत्व करेंगे।
डीजीपी ने बताया कि आपदा प्रबंधन को और सुदृढ़ करने के लिए 40वीं वाहिनी पीएसी की विशेष आपदा राहत टीम (ई कंपनी) तथा आईआरबी द्वितीय, देहरादून की सी कंपनी को भी सेनानायक आईआरबी द्वितीय श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में उत्तरकाशी भेजा गया है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी जिलों से कुल 160 पुलिसकर्मियों (निरीक्षक से लेकर कांस्टेबल स्तर तक) को आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया है, ताकि स्थानीय प्रशासन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
यह भी पढ़ें-
उन्होंने कहा कि इन त्वरित, समन्वित और सुदृढ़ प्रयासों का उद्देश्य आपदा प्रभावित क्षेत्र में शीघ्र और प्रभावी राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को सुनिश्चित करना है तथा साथ ही जान-माल की हानि को न्यूनतम करना है। डीजीपी दीपम सेठ ने कहा – “उत्तरकाशी में इस प्राकृतिक आपदा से हुई पीड़ा और क्षति अत्यंत दुखद है। पुलिस विभाग सभी संसाधनों और मानवीय संवेदनाओं के साथ राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को त्वरित सहायता मिले। पुलिस बल को 24×7 निरंतर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए गए हैं।” उन्होंने बताया कि विभिन्न बलों द्वारा अब तक 156 लोगों को बचाया गया है।


















