उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष से राहत एवं बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की। इससे पहले उन्होंने धराली बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। उत्तरकाशी और धराली के बीच चार स्थानों पर सड़कें बह जाने के कारण राहतकर्मियों का वहां पहुंचना मुश्किल हो रहा है। राहत एजेंसियों को हेलीकॉप्टर के जरिए वहां भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी आपदा नियंत्रण कक्ष में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं सेना के प्रतिनिधियों से स्थिति की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें राहत कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बचाव एवं चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं तथा प्रभावित लोगों के लिए भोजन एवं आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
Uttarkashi Cloudburst: खीरगंगा नदी की विनाशलीला, पढ़िए 240 मंदिरों के लुप्त होने की कहानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।भारतीय वायुसेना के चिनूक और एमआई-17 हेलीकॉप्टर पूरी तरह तैयार हैं, ताकि आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। राज्य सरकार राहत कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और प्रत्येक प्रभावित नागरिक को सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

















