नई दिल्ली । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी का टैक्स-छूट (Tax-Exempt) दर्जा समाप्त करने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने 2 मई को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर घोषणा करते हुए लिखा- “हम हार्वर्ड का टैक्स-छूट दर्जा समाप्त करने जा रहे हैं। वो इसी लायक हैं।”
बता दें कि ट्रंप प्रशासन पहले से ही हार्वर्ड पर विविधता, समानता और समावेशन (DEI) नीतियों को लेकर निशाना साधता रहा है। प्रशासन का आरोप है कि हार्वर्ड में विविधता और समावेशन (DEI) की आड़ में नस्लीय भेदभाव को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही हार्वर्ड की अंतरराष्ट्रीय छात्र नीति भी ट्रंप प्रशासन के निशाने पर रही है।
ट्रंप प्रशासन ने टैक्स-छूट के साथ ही हार्वर्ड को मिलने वाली 2.2 बिलियन डॉलर से अधिक की संघीय फंडिंग को भी फ्रीज कर दिया है। यह पहली बार है जब किसी प्रमुख विश्वविद्यालय का टैक्स-छूट दर्जा समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
माना जा रहा है कि यह कदम अन्य यूनिवर्सिटीज और गैर-लाभकारी संस्थाओं के लिए भी एक चेतावनी की तरह है। हालांकि हार्वर्ड प्रशासन ने अपने स्तर से इस पर विरोध दर्ज कराया है, लेकिन ट्रंप प्रशासन का हार्वर्ड को लेकर रुख स्पष्ट है।
हालांकि पहली बार है जब अमेरिका में किसी शीर्ष शिक्षण संस्थान का टैक्स छूट दर्जा खत्म किया जा रहा है।

















