पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए दक्षिण दिनाजपुर जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से बांग्लादेशी घुसपैठियों में हड़कंप मच गया है और वे खुद ही वापस लौटने की जुगत कर रहे हैं।
सीमा सुरक्षा बल दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमंडी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले लोहागंज-पंचनगर सीमावर्ती इलाके में बड़े अभियान में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 50 से अधिक बांग्लादेशी घुसपैठियों को हिरासत में लिया। संदिग्ध 25 लोग बांग्लादेश के ठाकुरगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घुसपैठियों के पास से भारतीय आधार कार्ड और बांग्लादेशी पहचान पत्र दोनों बरामद हुए हैं।
दलाल गिरफ्तार
सीमा सुरक्षा बल ने इन घुसपैठियों की मदद करने वाले एक दलाल को भी दबोचा है जो कथित तौर पर पैसे लेकर इन्हें अवैध रूप से सीमा पार करा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इनमें से कई लोग पहले अवैध रूप से भारत आए थे और बिना वैध दस्तावेजों के कश्मीर जैसी जगहों पर काम कर रहे थे। मगर अब सरकार द्वारा इनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाये जाने के कारण वापस लौटने की कोशिश कर रहे थे। सीमा पर घुसपैठ और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल 24 घंटे कड़ा पहरा दे रही है।

















