भारतीय मजदूर संघ का एलान, स्कीम वर्कर की मांगों को लेकर करेगा प्रदर्शन

स्कीम वर्कर की मुख्य मांगों में उन्हें सरकारी कर्मचारी घोषित करने समेत अन्य हैं

Published by
Manish Chauhan

भारतीय मजदूर संघ आगामी 11 दिसंबर को धरना-प्रदर्शन करने जा रहा है। यह प्रदर्शन स्कीम वर्कर (आंगनवाड़ी, आशा, मिड डे मील तथा एनएचएम कर्मी) की समस्याओं को लेकर जंतर मंतर नई दिल्ली में किया जाएगा। यह जानकारी भारतीय मजदूर संघ के उपमहामंत्री सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय की तरफ से दी गई है।

भारतीय मजदूर संघ के उपमहामंत्री सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि स्कीम वर्कर-आँगनवाडी वर्ष 1975 से देश में बाल कुपोषण एवं अन्य समस्याओं को लेकर कार्यरत है, लेकिन इस स्कीम में कार्य करने वाली 26 लाख से अधिक आँगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सरकार के शोषण के कारण स्वयं कुपोषित हैं।

इसी प्रकार बच्चों को मध्यान भोजन उपलब्ध कराने वाली भोजन माता (मिड डे मील वर्कर) भी सरकार के शोषण का शिकार है। स्कीम वर्कर-एनएचएम कर्मचारी एवं आशा वर्कर भी जो समाज स्वास्थ्य की चिंता करते हैं, वेतन एवं सुविधाओं के कमी के कारण उनका ही स्वास्थ्य बिगड़ा हुआ है। भारतीय मजदूर संघ इन स्कीम वर्कर की समस्याओं को लेकर जंतर मंतर नई दिल्ली पर प्रदर्शन करेगा, जिसमें देश भर से स्कीम वर्कर भाग लेंगे।

मजदूर नेता ने कहा कि ये स्कीम वर्कर की मुख्य मांगों में स्कीम वर्कर को सरकारी कर्मचारी घोषित करना, उनका वेतनमान लागू करना एवं सभी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। इनके साथ अन्य सभी मांगों का ज्ञापन सम्बंधित मंत्रालय जैसे महिला बाल विकास मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय को भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि मण्डल के माध्यम से प्रेषण किया जाएगा।

Share

Recent News