दिल्ली के भजनपुरा इलाके में मंगलवार सुबह एक 24 वर्षीय युवती पर तेजाब फेंकने की घटना सामने आई। युवती सुबह करीब छह बजे घर से ऑफिस के लिए निकली थी। वह चौक के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आए उसके एक्स लिव-इन पार्टनर ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। हमले में युवती का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। इसके अलावा उसके सीने और पैर पर भी तेजाब के छींटे पड़े हैं। घटना के दौरान एक 80 वर्षीय बुजुर्ग भी मामूली रूप से झुलस गए।
पीछे से आया और चेहरे पर फेंक दिया तेजाब
पुलिस ने मामले में 41 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, युवती ने करीब ढाई से तीन महीने पहले आरोपी से दूरी बना ली थी। पुलिस को आशंका है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, युवती मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वह पिछले करीब ढाई-तीन साल से भजनपुरा में किराए के मकान में अकेली रह रही है और गांधीनगर में नौकरी करती है। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह ऑफिस जाने के लिए निकली थी। चौक के पास पहुंचने पर आरोपी पीछे से आया और उसके चेहरे पर तेजाब फेंककर वहां से भाग गया। अचानक हुए हमले से युवती घबरा गई और दर्द से तड़पते हुए मदद मांगने लगी। वह पास में मौजूद एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के पास पहुंची। इस दौरान तेजाब के छींटे बुजुर्ग के बाएं हाथ पर भी पड़ गए, जिससे उनका हाथ मामूली रूप से झुलस गया।
हमले के बाद युवती किसी तरह अपने कमरे तक पहुंची। उसकी हालत देखकर मकान मालिक के बेटे ने तुरंत पुलिस को फोन किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गई। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती का चेहरा 30 फीसदी से ज्यादा झुलसा है। सीने और पैर पर भी चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवती करीब तीन साल से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब ढाई से तीन महीने पहले दोनों के बीच दूरी बन गई थी और युवती ने अलग रहने का फैसला किया था। पुलिस का मानना है कि इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। उससे पूछताछ की जा रही है।

















