वाराणसी । पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने 22, 23 एवं 25 अक्टूबर को प्रस्तावित देश के सबसे बड़े एवं भव्य एयर शो की तैयारियों के दृष्टिगत पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट एवं कोदोपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
लगभग 90 मिनट तक चलने वाले इस रोमांचक एयर शो में सेना के विभिन्न प्रकार के विमान एवं एयरक्राफ्ट हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे, जिसे देखने के लिए गंगा के दोनों तटों पर लगभग 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि इतने बड़े जनसमागम को ध्यान में रखते हुए आमजन के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, व्यवस्थित पार्किंग, प्रवेश-निकास, पैदल मार्ग, बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया एवं क्यू मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संभावित भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, वैकल्पिक मार्ग एवं आवश्यक ट्रैफिक डायवर्जन पहले से निर्धारित रखने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी, ड्रोन एवं अन्य तकनीकी संसाधनों से सतत निगरानी के साथ आपातकालीन मार्ग, इमरजेंसी एग्जिट एवं त्वरित रिस्पॉन्स व्यवस्था को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया गया।
एयर शो को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वय से प्रत्येक व्यवस्था की पुनः समीक्षा एवं मॉक ड्रिल कर कमियों को समयबद्ध रूप से दूर करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।















