72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की शाम भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास रही। गुजरात के केवडिया में आयोजित इस समारोह में कई कलाकारों को उनके शानदार काम के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान यामी गौतम और रणदीप हुड्डा ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। यामी को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, जबकि रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान दिया गया।
यामी गौतम अवॉर्ड समारोह में अपने पति और फिल्ममेकर आदित्य धर के साथ पहुंचीं। जब यामी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया, तब आदित्य धर खुशी से तालियां बजाते नजर आए। अवॉर्ड के बाद यामी ने कही दिल की बात- पुरस्कार मिलने के बाद यामी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वह अभी भी इस पल को महसूस करने की कोशिश कर रही हैं। यामी के मुताबिक, किसी भी कलाकार के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इंसान को यह नहीं पता होता कि जिंदगी उसे आगे कहां लेकर जाएगी। ऐसे में जरूरी है कि वह ईमानदारी से अपना काम करता रहे। यामी ने कहा कि वह भी आगे मिलने वाले अवसरों को तलाश रही हैं और यह सम्मान उनके लिए बहुत बड़ा है।
‘आर्टिकल 370’ को भी मिला सम्मान
‘आर्टिकल 370’ को भी 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। फिल्म में यामी ने अहम किरदार निभाया था। ऐसे में फिल्म और अभिनेत्री, दोनों के लिए यह समारोह यादगार बन गया।
रणदीप हुड्डा को मिला निर्देशन का पुरस्कार
रणदीप हुड्डा के लिए भी यह दिन खास रहा। उनकी पहली निर्देशित फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। रणदीप ने बताया कि वह स्वतंत्रता आंदोलन के सशस्त्र क्रांति वाले पक्ष को लोगों तक पहुंचाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि सुभाष चंद्र बोस और सावरकर जैसे कई लोग इस संघर्ष से जुड़े थे। रणदीप ने वीर सावरकर को इस क्रांतिकारी संघर्ष का ‘इन्फ्लुएंसर’ बताया और कहा कि फिल्म के जरिए वह इतिहास के इस पहलू को दर्शकों के सामने लाना चाहते थे।

















