जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के सात साल पूरे होने पर एक बार फिर यह मुद्दा सुर्खियों में है। इस बार चर्चा की वजह नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के सांसद मोहम्मद रमजान का बयान है। उन्होंने पाकिस्तान अधिक्रांत कश्मीर (PoJK) को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पीओजेके भारत का अभिन्न हिस्सा है और मोहम्मद रमजान ने इसे अलग देश बता दिया।
PoJK पर बयान से बढ़ा विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एनसी सांसद मोहम्मद रमजान ने कहा कि PoJK एक अलग देश है और वहां के मामलों की जिम्मेदारी पाकिस्तान सरकार की है। उन्होंने कहा कि भारत को PoJK की चिंता नहीं करनी चाहिए। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार है। हालांकि, इस बयान पर पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भारत सरकार का रुख इस मुद्दे पर हमेशा स्पष्ट रहा है। भारत सरकार कई बार दोहरा चुकी है कि पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू-कश्मीर (PoJK) भारत का अभिन्न अंग है। ऐसे में सांसद के बयान को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने भी अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा खत्म कर उसे केंद्र शासित प्रदेश बनाना संघीय व्यवस्था के लिए ठीक नहीं था। उन्होंने एक बार फिर राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग दोहराई और कहा कि इससे निर्वाचित सरकार के अधिकार सीमित हो गए हैं। वहीं, विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान अधिक्रांत कश्मीर (PoJK) में कराए जा रहे तथाकथित स्थानीय चुनावों को केवल दिखावा बताया है। मंत्रालय का कहना है कि वहां की वास्तविक स्थिति इन चुनावों से नहीं बदलती।

















