लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रारंभ किया जा रहा है। भाजपा द्वारा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के माध्यम से आए बदलावों को जनता तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को और मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता और आम जन सेवा एवं जनभागीदारी के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागी बनेंगे तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।
17 सितंबर को होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक राजेश चौधरी ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की शाम सभी बूथों पर कार्यकर्ता एवं आमजन सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करेंगे। प्रधानमंत्री जी की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी भी अपने घरों पर दीप जलाकर इस अभियान में सहभागिता करेंगे।
सेवा और जनकल्याण के होंगे विभिन्न कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, रक्तदान शिविर, अस्पतालों में फल वितरण तथा टूलकिट वितरण जैसे सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पूरे प्रदेश में एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानियां, तथा ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित विविध कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के अनुभवों तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों में आए बदलावों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से साकार होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। सेवा संकल्प अभियान इसी जनभागीदारी को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

















