पंजाब में पाकिस्तान समर्थिक खालिस्तानी आतंकी गतिविधियां रुकने का नाम नहीं ले रहीं। बीती रात पुलिस ने चंडीगढ़ में बब्बर खालसा के तीन आतंकियों को भारी मात्रा में विस्फोटक व हथियारों सहित काबू किया है। दूसरी ओर अमृतसर में ड्रोन से आई दस पिस्तोलें बरामद की हैं।
विदेश में बैठे आतंकी सत्ता के इशारे पर हुआ काम
बीती रात चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-43 अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पीछे एक संदिग्ध बैग से पांच किलो जिलेटिन की छड़ें, विस्फोटक और हथियार बरामद कर बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनका संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल नामक प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन से है। पता चला है कि यह आतंकी विदेश में बैठे सतनाम सिंह उर्फ सत्ता नामक आतंकी के इशारों पर काम करते हैं।
आरोपियों की पहचान हुई
आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी लवप्रीत सिंह (19), जसनप्रीत सिंह उर्फ जसनदीप (21) और अमृतसर निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रविवार दोपहर को ऑपरेशन सेल ने कार्रवाई की। बैग की तलाशी में टिफिन बॉक्स में संदिग्ध आईईडी मिला। बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लिया। जांच में आईईडी सक्रिय नहीं मिला।
बैग में मिली विस्फोटक सामग्री
बाद में बैग से करीब पांच किलो जिलेटिन छड़ें, डेटोनेटर, रिमोट से संचालित उपकरण, पिस्टल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने सेक्टर-36 थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4(बी) और 5 के तहत मामला दर्ज किया है।
बैग में टिफिन के अंदर मिला संदिग्ध बम
सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे एक बैग में टिफिन के अंदर संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई और संदिग्ध सामग्री की जांच शुरू की गई। मामले में फॉरेंसिक टीम समेत संबंधित विशेषज्ञों ने भी जांच की।
अमृतसर में 10 पिस्तौल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पंजाब को नशा और हथियार मुक्त बनाने के अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल, मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे और सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप हासिल कर रहे थे। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह, दोनों निवासी गांव हवेलियां, तरनतारन के रूप में हुई है।
बरामद हथियारों में नौ 9 एमएम पिस्तौल और एक 30 बोर पिस्तौल शामिल है। पुलिस ने हथियारों की ढुलाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (पीबी-38-सी-1658) भी जब्त किया है। डीजीपी के मुताबिक, सीआई अमृतसर को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलर के निर्देश पर भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गांव हवेलियां क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियारों की बड़ी खेप हासिल कर चुके हैं। इसके बाद वे हथियारों को पंजाब में किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अमृतसर-अटारी जीटी रोड पर गांव खासा के नजदीक नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 10 पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए।

















