नई दिल्ली: अभिनेता पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह के सेलेक्टिव एक्टिविज्म और अप्रोच की धज्जियां उड़ा दी है। उन्होंने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर नसीरुद्दीन शाह की चुप्पी को लेकर भी तंज कसा है। दरअसल नसीरुद्दीन शाह अपने वामपंथी रुझान और विचार के कारण अक्सर विवादित टिप्पणियां करते रहते हैं। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों को भी अपना समर्थन दिया है और हाल ही में खुद को अभिजीत दिपके का फैन बताया था। इसी को लेकर पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह से कई सवाल पूछे हैं और उन्हें आइना दिखाया है।
नसीरुद्दीन शाह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शनों को भी समर्थन दिया था। पिछले दिनों वो मुंबई में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के इन विरोध-प्रदर्शनों शामिल भी हुए थे। इस दौरान उन्होंने अभिजीत दिपके से मुलाकात की थी। नसीरुद्दीन शाह अक्सर मोदी सरकार विरोधी सारे प्रदर्शनों में शामिल होते हैं और समय-समय पर विवादित बयान भी देते रहते हैं। लेकिन दूसरी ओर जिन राज्यों में अन्य पार्टियों की सरकारें हैं, वहां की समस्याओं और वहां छात्रों के आंदोलन व मांगों पर नसीरुद्दीन शाह चुप्पी साध लेते हैं। ऐसे में पीयूष मिश्रा ने उन पर निशाना साधा है।
‘स्मित मच्छार को भी बधाई दीजिए सर’
पीयूष मिश्रा ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के इस सलेक्टिव अप्रोच की तार्किक ढंग से धज्जियां उड़ाई है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह से कई तीखे सवाल किए हैं।
वीडियो में पीयूष मिश्रा कहते हैं- ‘हां, नसीर साहब, आदाब अर्ज करता हूं। मैं पीयूष मिश्रा हूं। आपका पुराना जानकार। आप अभिजीत दिपके से मिले। बड़ा अच्छा लगा। अभी सर एक हादसा होते-होते टला है। यह तेल अवीव को जाने वाली फ्लाइट, दुबई से जाने वाली फ्लाइट 1073 फ्लाई दुबई में हुआ। इसमें स्मिथ मच्छार ने कमाल किया है। 180 लोगों की जान बचाई हैं। उस पर भी थोड़ा सा कमेंट कीजिए। बधाई दीजिए सर’।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का किया जिक्र
पीयूष मिश्रा ने आगे कहा है, ‘सर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में भी एक मैसेज भेजिए सर। वहां पर भी बच्चे पढ़ते हैं। खतरनाक हादसा हुआ। आप तो बोल रहे थे न कि ‘मुझे जितना राष्ट्रीय ड्रामा एकेडमी और एफटीआईआई ने सिखाया है, उतना इन बच्चों ने सिखाया है… तो मुझे मालूम नहीं कि ये बच्चे कब से एक्टिंग टीचर हो गए। मिले तो इसका खुलासा कीजिएगा सर। वहां पर भी बच्चों को संवेदना दीजिए।’
पीयूष मिश्रा यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा है- ‘सर मैंने आपसे झारखंड के लिए भी मदद मांगी थी। आपने किसी पाकिस्तानी शायरा की नज्म भेजी। माफ कीजिएगा सर। वहां, नज्म नहीं चाहिए। वहां, आटा, दाल, लिट्टी, गुड़ चाहिए थी’। पीयूष मिश्रा ने आगे यह मैसेज भी दिया है कि ‘आप जब भी कोई स्टेटमेंट देंगे, आपको पीयूष मिश्रा का जवाब मिलेगा। धन्यवाद’।

















