पंजाब पुलिस ने देश में होने वाले आशंकित आतंकी हमले को विफल करते हुए भारी मात्रा में हथियारों की खेप बरामद की है। शनिवार को जिला पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान पठानकोट के बमियाल बॉर्डर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। यह वही इलाका है जो पाकिस्तान सीमा से सटा होने के कारण अक्सर ड्रोन गतिविधियों और हथियारों की तस्करी को लेकर संवेदनशील माना जाता है।
बब्बर खालसा के आतंकी रिंदा ने भेजे हथियार
डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को तीन एके-47 राइफलें, पांच मैगजीन, दो पिस्तौल, दो मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से संचालित बब्बर खालसा के आतंकी हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा द्वारा भेजी गई थी। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों के जरिए भारत में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी।
ड्रोन के जरिए आई हो सकती है
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ड्रोन के जरिए या सीमांत रास्तों का इस्तेमाल करके हथियारों की इस खेप को भारत में पहुंचाया गया होगा। पुलिस टीमें आसपास के इलाकों में और भी तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि संभावित संपर्कों या मॉड्यूल का पता लगाया जा सके।
पुलिस फारवर्ड लिंक तलाशने में जुटी
डीआईजी संदीप गोयल ने कहा कि इस मामले में हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार किसके पास पहुंचने वाले थे और पंजाब व अन्य राज्यों में किस प्रकार की वारदात को अंजाम देने की योजना थी।
बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा की गई कड़ी
उन्होंने बताया कि बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है और ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शुरुआती सफलता के बाद आगे भी अभियान जारी रहेगा ताकि किसी भी आतंकी साजिश को मौके पर ही नाकाम किया जा सके। राज्य में गणतंत्र दिवस को देखते हुए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
















